टांडा (अंबेडकरनगर)। सभी अटकलों को पीछे करते हुए नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा से एक बार फिर निर्दलीय प्रत्याशी शबाना खातून ने धमाकेदार जीत दर्ज कर की। तीन हजार से अधिक मतदाताओं ने उनमें अपना विश्वास जताया। शबाना ने इस जीत के साथ ही हैट्रिक लगाई।
नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में सपा ने फैजान अशरफ चांद, कांग्रेस ने राधेश्याम, भाजपा ने रामकुमार गुप्ता व बसपा ने मुन्नीलाल को मैदान में उतारा था। निवर्तमान अध्यक्ष शबाना खातून एक बार फिर से मैदान में उतरीं। सभी दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए एड़ीचोटी का जोर लगा दिया था।
उम्मीद की जा रही थी कि इस बार अध्यक्ष पद का ताज किसी राजनीतिक दल के प्रत्याशी के सिर बंधेगा। शुक्रवार को जब चुनाव परिणाम सामने आया, तो सभी अटकलें धराशायी हो गईं। निर्दलीय प्रत्याशी शबाना खातून ने 3102 मत पाकर धमाकेदार जीत दर्ज की। कांग्रेस के राधेश्याम 1929 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे।
सपा के फैजान अशरफ चांद 1840, बसपा के मुन्नीलाल को 621, भाजपा के रामकुमार 1867 मत से ही संतोष करना पड़ा। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी जहरा खातून को 44, धर्मपाल को 78, निर्मला को 187, रामजीत को 1031, शुभम सोनी को 1881 व हरिप्रसाद को 49 मत प्राप्त हुए।
गौरतलब है कि वे वर्ष 2012 में हुए सामान्य निकाय चुनाव में भी अध्यक्ष चुनी गई थीं। उम्र संबंधी विवाद के बाद न्यायालय ने उनका निर्वाचन अवैध कर दिया था। बाद में हुए उपचुनाव में भी वे जीत दर्ज करने में सफल रही थीं।