निकाय चुनाव के लिए तीन स्थानों पर होगी मतगणना
अंबेडकरनगर। निकाय चुनाव में शुक्रवार को अध्यक्ष व सभासद पद के कुल 713 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा। सुबह 8 बजे से होने वाली मतगणना में तीन नगर पालिका व दो नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 50 तथा इन निकायों में सभासद के 103 पद के लिए 663 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है।
मतगणना को लेकर प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां एक दिन पहले ही पूरी कर ली। डीएम व एसपी ने तीनों मतगणना स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। प्रेक्षक ने भी मतगणना तैयारियों का जायजा लिया। नगर पंचायत इल्तिफातगंज में मतदाता कम होने से यहां का परिणाम पहले आने की संभावना है।
लगभग एक माह से चली आ रही निकाय चुनाव की सरगर्मी अब अपने अंतिम दौर में है। गौरतलब है कि तीन नगर पालिका अकबरपुर, जलालपुर व टांडा तथा दो नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा व इल्तिफातगंज में गत 26 नवंबर को मतदान हुआ था।
अकबरपुर नगर पालिका में अध्यक्ष पद के 18 व सभासद के 235, टांडा नगर पालिका में अध्यक्ष पद के 11 व सभासद के 167 तथा जलालपुर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के तीन व सभासद पद के लिए 86 प्रत्याशी मैदान में थे।
नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में अध्यक्ष पद के लिए 11 व सभासद पद के 117 तथा इल्तिफातगंज में अध्यक्ष पद के लिए सात व सभासद पद के लिए 58 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था। मतदान के बाद सभी की निगाहें मतगणना की तरफ टिक गई थीं।
इस बीच प्रशासन ने मतगणना को लेकर आवश्यक तैयारियां एक दिन पहले ही पूरी कर ली। शुक्रवार को अकबरपुर नगर पालिका की मतगणना बीएनकेबी पीजी कॉलेज, जलालपुर नगर पालिका की नरेंद्रदेव इंटर कॉलेज तथा टांडा नगर पालिका एवं नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा व इल्तिफातगंज की मतगणना टीएन पीजी कॉलेज टांडा में होगी।
मतगणना तीनों जगहों पर एक साथ शुरु करायी जाएगी। तीनों मतगणना स्थल पर बैरीकेडिंग का कार्य गुरुवार दोपहर तक पूरा कर लिया गया। डीएम अखिलेश सिंह व एसपी संतोष कुमार मिश्र ने गुरुवार को तीनों मतगणना स्थलों का जायजा लिया।
संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना स्थल पर प्रकाश, पेयजल व्यवस्था में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक प्रांजल यादव भी मतगणना स्थलों पर पहुंचे और वहां चल रही तैयारियों का जायजा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी डा. महेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि इल्तिफातगंज में सबसे पहले, इसके बाद अशरफपुर किछौछा, फिर जलालपुर नगर पालिका का परिणाम सामने आने की संभावना है। टांडा व अकबरपुर नगर पालिका का परिणाम लगभग एक साथ आ सकता है।
117 टेबल पर होगी मतगणना
तीन नगर पालिका व दो नगर पंचायतों में शुक्रवार को 117 टेबल पर मतगणना होगी। इसके लिए 585 कर्मचारियों को लगाया गया है। डीडीओ मथुरा प्रसाद मिश्र ने बताया कि अकबरपुर नगर पालिका में 25 वार्ड के लिए कुल 50 टेबल लगाई गई हैं, जिस पर 250 कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
नगर पालिका टांडा के 25 वार्ड के लिए 40 टेबल पर 200 कर्मचारी व जलालपुर नगर पालिका के 25 वार्ड के लिए 12 टेबल पर 60 कर्मचारी मतों की गणना करेंगे। इसी प्रकार नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में 17 वार्ड के लिए 11 टेबल पर 55 कर्मचारियाें व इल्तिफातगंज में 11 वार्ड के लिए चार टेबल पर 20 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। डीडीओ ने बताया कि 135 कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है।
ऑब्जर्वर ने किया रेंडमाइजेशन
पांच निकायों में होने वाली मतगणना में लगने वाले 720 कर्मचारियों को अंतिम समय तक ड्यूटी की जानकारी न हो सके, इसके लिए ऑब्जर्वर प्रांजल यादव ने गुरुवार को एनआईसी में पहुंचकर रेंडमाइजेशन किया।
एनआईसी प्रभारी अमरेंद्र ने बताया कि गुरुवार पूर्वाह्न ऑब्जर्वर एनआईसी पहुंचे। यहां उन्होंने मतगणना में लगे 720 कर्मचारियों का रेंडमाइजेशन किया। कहा कि इसके तहत कर्मचारियों को अंतिम समय तक जानकारी नहीं हो सकेगी कि उनकी ड्यूटी किस मतगणना स्थल पर लगाई गई है।
नहीं निकाल सकेंगे विजयी जुलूस
मतगणना के बाद जीत हासिल करने वाले अध्यक्ष व सभासद विजयी जुलूस नहीं निकाल सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के हवाले से डीएम ने गुरुवार को निर्देश जारी करते हुए कहा कि आयोग का सख्त निर्देश है कि चुनाव में जीत हासिल करने वाले अध्यक्ष व सभासद विजय जुलूस न निकालें।
यह निर्णय शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने निर्देश का उल्लंघन किया, तो उसके विरुद्ध आचार संहिता उल्लंघन के तहत संबंधित थाने में केस दर्ज किया जाएगा।
15 दिसंबर तक जारी रहेगी धारा 144
निकाय चुनाव के मद्देनजर गत 12 नवंबर से लगी धारा 144 आगामी 15 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी। डीएम कहा कि मतगणना को सकुशल निपटाने व उसके बाद किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए 15 दिसंबर तक जिले में धारा 144 प्रभावी रहेगी। इस दौरान विजय जुलूस नहीं निकाला जा सकेगा।
साथ ही जीत हासिल करने के बाद किसी प्रकार की आतिशबाजी नहीं की जा सकेगी। जीत हासिल करने के बाद किसी प्रकार के सामूहिक भोज नहीं होगा। पांच लोग एक साथ सार्वजनिक स्थल पर एकत्र नहीं हो सकेंगे। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने धारा 144 का उल्लंघन किया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के रहेंगे कड़े प्रबंध
सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था सख्ती से पालन कराने व मतगणना को शांतिपूर्ण व कुशलतापूर्वक निपटाने को लेकर पुलिस प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां एक दिन पहले पूर्ण कर लीं। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि मतगणना स्थल को सुरक्षा की दृष्टि से तीन जोन में बांटा गया है।
मतगणना कक्ष तक जाने वालों की तीनों स्थानों पर सघन जांच की जाएगी। बड़े वाहनों को मतगणना स्थल के अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। बताया कि प्रत्येक मतगणना स्थल पर एक-एक प्लाटून पीएसी व चार चार एसओ की तैनाती की गई है।
सवा लाख से अधिक वोटरों ने किया था मतदान
पांच निकायों में कुल 2 लाख 7 हजार 25 मतदाताओं के सापेक्ष गत 26 नवंबर को हुए मतदान में 1 लाख 36 हजार 214 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
इसमें अकबरपुर नगर पालिका में 83 हजार 655 के सापेक्ष 54 हजार 928, जलालपुर नगर पालिका में 24 हजार 73 के सापेक्ष 15 हजार 937 व नगर पालिका टांडा में 70 हजार 52 मतदाताओं के सापेक्ष 45 हजार 704 मतदाताओं ने मतदान किया था।
इसी प्रकार नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में 19 हजार 590 के सापेक्ष 12 हजार 899 व इल्तिफातगंज में 9 हजार 655 के सापेक्ष 6 हजार 746 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।