वेब कैमरे से निगरानी में रहे 21 मतदान केंद्र
अंबेडकरनगर। चार निकाय के 21 अतिसंवेदनशील प्लस बूथों पर चल रही मतदान प्रक्रिया पर राज्य निर्वाचन आयोग की सीधी नजर रही। इन बूथों पर वेब कैमरे लगाए गए थे। जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट सभागार में बने नियंत्रण कक्ष से अधिकारियों ने बूथों पर नजर बनाए रखी।
नियंत्रण कक्ष के प्रभारी के तौर पर जिला विकास अधिकारी मथुरा प्रसाद मिश्र केंद्रों को आवश्यक दिशा निर्देश देते रहे। टांडा नगर पालिका परिषद के 6, जलालपुर नगर परिषद के 5, अशरफपुर किछौछा नगर पंचायत के 4 और इल्तिफातगंज नगर पंचायत के 6 बूथ पर वेब कैमरे लगाए गए थे। अकबरपुर नगर पालिका परिषद के किसी बूथ पर यह व्यवस्था नहीं थी।
इल्तिफातगंज के एक मतदान केंद्र पूर्वी मध्य पर मतदान की गति धीमी होने पर डीडीओ ने पीठासीन अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। टांडा के मदरसा कुंजुलउलूम मतदान केंद्र पर लाइन को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश वेब कैमरे पर वहां की स्थिति देखने के बाद दी गई।
जलालपुर के मकतब करामतिया मतदान केंद्र पर कक्ष में अंधेरा होने के चलते कैमरे की लोकेशन सही कराई गई। उधर जिला प्रशासन के साथ ही निर्वाचन आयोग के लखनऊ मुख्यालय से भी इन 21 मतदान केंद्रों पर चल वेब कैमरों के जरिये नजर रखी गई।