फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

थमा चुनाव प्रचार का शोर, पांच निकायों में मतदान कल

विज्ञापन
विज्ञापन
आज अकबरपुर हवाईपट्टी से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
विज्ञापन

अंबेडकरनगर। पांच निकायों में 26 नवंबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर शुक्रवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर समाप्त हो गया। बीते लगभग एक माह से जारी प्रचार थमने के बाद अब प्रत्याशियों का पूरा जोर घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात कर अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए केंद्रित हो गया है।

साथ ही मतदाताओं को अपनी तरफ आकर्षित करने के लिए अंतिम दौर में प्रत्याशी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। उधर प्रचार के आखिरी दिन लगभग सभी प्रत्याशियों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन कर लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करने का प्रयास किया। कल शनिवार को अकबरपुर हवाईपट्टी से पोलिंग पार्टी रवाना करने की तैयारी भी प्रशासन ने पूरी कर ली है।
विज्ञापन


जिले की तीन नगर पालिका परिषद अकबरपुर, जलालपुर व टांडा तथा दो नगर पंचायतों अशरफपुर किछौछा व इल्तिफातगंज में आगामी 26 नवंबर को मतदान होना है। गत लगभग एक माह से प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन रात एक कर रखे थे।

दो पहिया व चार पहिया वाहनों पर लाउडस्पीकर लगाकर चुनाव प्रचार किया जा रहा था। इस बीच 26 नवंबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर शुक्रवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। अंतिम दिन शुक्रवार को लगभग सभी प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। पूरे दिन रैलियों, बैठकों व सभाओं का जोर रहा।

प्रचार का शोर थमने के बाद अब प्रत्याशियों का जोर घर-घर जाकर मतदाताओं को अपने हक में वोट करने के लिए प्रेरित करने पर रहेगा। इसके लिए लगभग सभी प्रत्याशियों ने नए सिरे से रणनीति तैयार कर रखी है। तीन-तीन या फिर चार-चार लोगों का समूह बनाया गया है।

जो प्रत्येक वार्ड में घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात कर, उन्हें अपनी योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे और अपने पक्ष में वोट करने का आह्वान करेंगे। उधर शनिवार को पोलिंग पार्टी रवाना करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान में किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए पांचों निकायों के 103 वार्ड में 77 मतदान केेंद्र व 254 मतदेय स्थल स्थापित किए गए हैं।

जिला विकास अधिकारी मथुरा प्रसाद मिश्र ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सकुशल निपटाने के लिए कुल 280 पोलिंग पार्टियों का गठन किया गया है, जिसमें 1120 कर्मचारी शामिल हैं। शनिवार को अकबरपुर नगर स्थित हवाईपट्टी से 254 पोलिंग पार्टियों के 1016 कर्मचारी संबंधित मतदान केंद्र को रवाना होंगे। कहा कि 26 पोलिंग पार्टियों के 104 कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है।

हवाईपट्टी पहुंचे अधिग्रहीत वाहन
शनिवार को पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो, इसके लिए गत दिवस उपसंभागीय परिवहन विभाग ने 66 बड़े तथा जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के लिए 157 वाहनों का अधिग्रहण किया गया था। इसके अलावा 3 ट्रक व 5 अन्य वाहन भी अधिग्रहीत किया गया था।

एआरटीओ केएन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सभी वाहन हवाईपट्टी पर पहुंच गए। कहा कि सेक्टर, जोनल व रिजर्व पुलिस बल के लिए 82 वाहन, पुलिस विभाग के लिए 75 वाहन, मीडियम पुलिस वाहन 5, निर्वाचन कार्यों में 3 व 66 वाहनों को पोलिंग पार्टियों के लिए रिजर्व कर दिया गया है।

सुरक्षा के होंगे कड़े प्रबंध
मतदान प्रक्रिया को सकुशल निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी सभी आवश्यक तैयारियां शुक्रवार को पूरी कर लीं। एसपी संतोष कुमार मिश्र ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में चुनाव ड्यूटी में लगे जनपद व गैरजनपद से आए सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

एसपी ने कहा कि मतदान केंद्र से 200 मीटर सीमा क्षेत्र में न तो किसी प्रकार की प्रचार सामग्री लगाई जाए और न ही प्रत्याशियों के कँंप लगाए जाएं। मतदान करने के लिए आने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए।

एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण निपटाने के लिए पांचों निकायों को 9 जोन, 27 सेक्टर जोन में बांटा गया है। बाहरी अराजकतत्वों को रोकने के लिए 26 बैरियर, 22 चेक पोस्ट के अलावा सभी थानों पर दो-दो क्यूआरटी टीमों के अलावा जिन केंद्रों पर चार से अधिक बूथ बने हैं, वहां आधा कंपनी पीएसी की भी तैनाती की गई है।

कहा कि सुरक्षाकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कोई व्यक्ति मतदान परिसर में मोबाइल समेत किसी अन्य प्रकार की सामग्री नहीं ले जा सकता है। यदि कोई इसके लिए जोर जबरदस्ती करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षाकर्मियों ने दर्ज कराई आमद
पुलिस लाइन के आरआई रामानंद राय ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में लगे गैर जनपद से आने वाले एक एएसपी, चार सीओ, 150 एसआई, 400 आरक्षी, 417 होमगार्ड, 1 कंपनी सीआरपीएफ, दो कंपनी पीएसी के अलावा अंबेडकरनगर के एसपी, एएसपी, पांच सीओ, 11 इंस्पेक्टर, 114 एसआई, 78 हेडकांस्टेबल, 822 कांस्टेबल, 714 होमगार्ड आमद दर्ज कराई है। 125 सुरक्षाकर्मियों को रिजर्व में रखा गया है।

अर्धसैनिक बल के साथ पुलिस ने किया रूट मार्च
निकाय चुनाव में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को एएसपी ओपी सिंह के नेतृत्व में अकबरपुर नगर में अर्धसैनिक बल के सैनिकों व पुलिस जवानों ने रूटमार्च निकाला। इसमें कई जगह से पोस्टर बैनर भी हटवाए गए।
विज्ञापन


एएसपी के नेतृत्व में निकले जुलूस में शामिल सीओ सिटी धर्मेंद्र सचान व कोतवाल मनोज पंत ने लाउडस्पीकर के माध्यम से निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान की अपील की। कहा कि कहीं भी किसी ने गड़बड़ी की कोशिश की तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें