नसीरपुर फीडर में आग, 40 गांवों की बत्ती गुल
महरुआ। तकनीकी खराबी के चलते शनिवार शाम महरुआ विद्युत उपकेंद्र नसीरपुर फीडर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते देख अफरा-तफरी मच गई।
फीडर से जुड़े 40 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इससे 20 हजार से अधिक आबादी प्रभावित हुई। महरुआ विद्युत उपकेंद्र के नसीरपुर फीडर से शनिवार शाम 4 बजे करीब जैसे ही विद्युत सप्लाई शुरू हुई फीडर में आग लग गई।
फीडर में आग लगने से इससे जुड़े सिलावट, महरुआ, नरसिंहदासपुर, लोकनाथपुर, कसरा, मथानी, जैमलपुर, सुभाकरपुर, चांदपुर, नशेड़ी, पलईपुुर, सेमरी, पहाड़पुर, पखनपुर, बाहरपुर समेत 40 गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
ग्रामीण संजीव, गौरी, समर बहादुर, घनश्याम, संजय, रमेश व दीनानाथ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जर्जर हो चुके उपकरण के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। लंबे समय से उपकरणों को बदले जाने की मांग की जा रही है।
जेई गयादीन ने बताया कि फीडर में गड़बड़ी हुई है। इसे ठीक कराया जा रहा है। गांवों में विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।