‘गलत होता देखें तो विरोध करें युवा’
जलालपुर। तहसील क्षेत्र के सरदार पटेल डिग्री कॉलेज बड़ागांव में सोमवार को आयोजित ‘पुलिस की पाठशाला’ में युवाओं को समाज सुधार में योगदान का आह्वान किया गया। इस पाठशाला में मुख्य अतिथि सीओ जलालपुर छदामी लाल ने युवाओं को पूरे मन से शिक्षा ग्रहण करने का सलाह दी। कहा कि यदि उन्हें अपने आसपास कहीं भी कुछ गलत होता नजर आता है तो उसका विरोध करें और पुलिस को अवगत कराएं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीपार्चन से हुआ।
इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि जो काम पुलिस का है, उसे फाउंडेशन द्वारा किया जाना अत्यंत सुखद है। ऐसे प्रयासों से ही आगे चलकर बेहतर समाज का निर्माण हो सकता है। कहा कि युवाओं को अपनी जिम्मेदारियों का भलीभांति निर्वहन करना चाहिए। परिवार के साथ-साथ उन पर समाज की भी जिम्मेदारी है। कहा कि सड़क पर चलते समय वे यातायात के नियमों का पालन करेंगे तो न सिर्फ वे स्वयं सुरक्षित रहेंगे, बल्कि हादसों में भी कमी आएगी। सड़क पर कई लाइन बनाकर चलने को गलत बताते हुए कहा कि ऐसा करने से हादसे की आशंका बढ़ जाती है। छात्राएं साइकिल से या पैदल समूह बनाकर सड़क पर चलती हैं। इससे बचने की जरूरत है। सीओ ने बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि जलालपुर कोतवाली प्रभारी शकुंतला उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा ही सभी समस्याओं का समाधान है। बेहतर शिक्षा से हम कई तरह की मुश्किलें दूर कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने मन से पुलिस का डर निकाल देना चाहिए। कोई समस्या हो तो उसे शेयर जरूर करना चाहिए। किसी अपरिचित व्यक्ति के संबंध में आने पर उसकी जानकारी परिवारीजनों को देनी चाहिए। उन्होंने साइबर अपराध से बचने की सलाह दी। कहा कि कई बार शिक्षित युवक-युवतियां भी इसमें फंस जाते हैं। युवाओं को ऐसे बदमाशों की जद में आने से बचना चाहिए। कहा कि पुलिस आम लोगों की रक्षा के लिए है। इससे पहले विद्यालय प्रबंधन से जुड़े अवनींद्र वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। कहा कि यह आयोजन निश्चय लाभप्रद साबित होगा।