जहांगीरगंज। क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों ने एक वृद्ध को असलहे से धमकाकर 25 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी। यह घटना नरियांव गांव निवासी त्रिलोकी यादव (65) के साथ रविवार शाम हुई। वह जहांगीरगंज बाजार खाद लेने के गए थे जहां अपने पुत्र को बुलाया। पुत्र के नहीं पहुंचने पर खाद लिए बिना ही साइकिल से लौटने समय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नरियांव के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। त्रिलोकी यादव कुछ समझ पाते तब तक एक बदमाश ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। असलहा से धमकाते हुए जेब में रखे 25 हजार रुपये लूट लिए। जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश आजमगढ़ की तरफ भाग निकले। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। प्रभारी एसओ ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।