हर्षोल्लास के साथ मनाई नाग पंचमी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबेडकरनगर। नाग पंचमी पर्व शुक्रवार को जिले में पूरी आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया गया। घरों व मंदिरों में विधिविधान से नाग देवता का पूजन-अर्चन किया गया। बच्चों में पर्व को लेकर खासा उल्लास दिखा। बच्चों ने गांव के तालाबों व पोखरों में बेर के डंडे से गुड्डा-गुड़िया पीटा
नाग पंचमी के अवसर पर जिला मुख्यालय पर खासा उल्लास रहा। सुबह जहां महिलाओं ने घरों में दूध और लावा से नाग देवता की आराधना की, वहीं पूड़ी-पकवान का भोग भी लगाया। गायत्री मंदिर परिसर, टांडा रोड स्थित शिव मंदिर, रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित शिव मंदिर व शहजादपुर शिवालय में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिवबाबा धाम पहुंचकर भोलेबाबा का जलाभिषेक किया। इन क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती की गई थी। आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार को नागपंचमी के अवसर पर तहसील क्षेत्र के चहोड़ाघाट, नयागांव, बिड़हर घाट, कम्हरिया व पूर्वांचल के प्रसिद्ध गोविंद सरोवर में कांवरियों व आम भक्तों ने स्नान किया। इसके बाद विधिविधान से भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। क्षेत्र के विभिन्न गांवों के शिव मंदिरों पर काफी भीड़ रही। सभी घरों में विधिविधान से नाग देवता का पूजन किया गया। उपजिलाधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव, सीओ कमल यादव, तहसीलदार मधुसूदन लाल आर्य, नायब तहसीलदार रानी गरिमा पालीवाल व थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में दल-बल के साथ मौजूद रहे। महरुआ प्रतिनिधि के अनुसार नागपंचमी का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मना। क्षेत्र के रामपुर हरिनंदन गांव में लोगों ने झूला झूलते हुए सावन के गीत गाए। तालाबों के किनारे गुड्डी-गुड्डा पीटा गया। बसखारी प्रतिनिधि के अनुसार बाजार के पूर्वी चौराहे और सब्जी मंडी स्थित शिव मंदिर समेत आसपास के शिवालयों में नाग पंचमी पर विधिविधान से पूजन-अर्चन हुआ। किछौछा के दरगाह शरीफ कमाल पंडित के स्थान पर किछौछा स्थित शिवालय में पूजन-अर्चन हुआ। यहां बड़ी संख्या में पहुंचे कांवरियों ने जलाभिषेक किया। सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा एसओ महेंद्र प्रताप सिंह, एसआई लल्लन यादव व सदानंद सिंह आदि ने दल-बल के साथ संभाल रखा था। जलालपुर में भी नागपंचमी के मौके पर जगह-जगह पर नाग देवता पूजे गए। भीटी, कटेहरी, मालीपुर व हजपुरा आदि क्षेत्रों में भी नागपंचमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना।