भीटी (अंबेडकरनगर)। इलाज व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए शुक्रवार सुबह एसडीएम सदानंद सरोज ने भीटी सीएचसी का औचक निरीक्षण किया तो चिकित्सकों व कर्मियों की बड़ी मनमानी सामने आई। चार चिकित्सक समेत 15 कर्मी अनुपस्थित मिले। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी प्रकट की। कहा कि इस तरह की मनमानी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों व कर्मियों की रिपोर्ट डीएम को भेज दी है।
सीएचसी में इलाज को लेकर कई बार मरीज व तीमारदार चिकित्सकों व कर्मियों पर मनमानी का आरोप लगाते रहते हैं। इसकी एक तस्वीर शुक्रवार सुबह सवा दस बजे तब देखने को मिली जब भीटी एसडीएम सदानंद सरोज अचानक सीएचसी भीटी पहुंच गए। वहां चार चिकित्सक डॉ. सीपी भारती, डॉ. प्रज्ज्वल आनंद, डॉ. राम सहाय व डॉ. महबूब आलम के साथ ही कर्मी पंकज, आरती, अर्जुन शंकर, आदेश, देवी प्रसाद, आदेश कुमार श्रीवास्तव, सुरेश चंद्र, अर्चना सिंह, रितेश चौधरी, जय सिंह व अमित कुमार वर्मा अनुपस्थित मिले।