अंबेडकरनगर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए 15 स्वास्थ्य उपकेंद्रों काे एक पखवाड़े में संचालित करने की तैयारी है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर के तौर पर इन अस्पतालों का निर्माण पूरा हो चुका है इनके संचालन से 75 हजार की आबादी को घर के नजदीक ही इलाज मिल सकेगा।
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके इसके लिए वर्ष 2023 -24 में 15वें वित्त आयोग के तहत छह करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से 21 स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण की मंजूरी मिली थी। शासन ने इनके निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण श्रम विकास एवं सहकारी संघ को दी थी। बीते दिनों कार्यदायी संस्था ने 15 स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया।
इन सभी भवनोंं को हैंडओवर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखा गया है। उम्मीद है कि एक पखवाड़े में इन सभी स्वास्थ्य उपकेंद्र का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए जरूरी संसाधन व स्टाफ के लिए जरूरी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इन उपकेंद्रों के संचालन से लगभग 75 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। उधर शेष छह स्वास्थ्य उपकेंद्र का भी निर्माण तेजी से चल रहा है। जल्द ही इनका भी कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इनका निर्माण पूरा
स्वास्थ्य विभाग के अवर अभियंता रामचंद्र के अनुसार कसेरुआ, देईपुर, केसवपुर, सुलेमपुर, मदारभारी, पुरनपुर, एनवा, महारमपुर, भरथपुर, दरगाहशाह रमजान, बेलउआ बरियारपुर, पितांबरपुर, बसंतपुर, पिपरी चंदौली, पुंथर के निर्माण कार्य को बीते माह ही पूरा कर लिया गया है। बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू की गई है। विश्वनाथपुर, प्रतापीपुर, ताजूपुर , बेलापरसा, मुजाहिदपुर व हैदराबाद में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है ।
जल्द होगा संचालन
भवन का निर्माण पूरा होने के बाद अब बिजली की व्यवस्था व अन्य उपकरणों की खरीदारी की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जल्द ही स्वास्थ्य उपकेंद्रों का संचालन किया जाएगा। - डॉ. राजकुमार सीएमओ