मकान का ताला तोड़ एक लाख की चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
जलालपुर। थाना अंतर्गत बसखारी मार्ग स्थित एक घर का ताला तोड़कर चोरों ने 10 हजार नकदी समेत लगभग एक लाख रुपये कीमत का सामान पार कर दिया। घटना के समय परिवारीजन घर में नहीं थे। पीड़ित ने जलालपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार थाना अंतर्गत मरहरा गांव निवासी दिनेश यादव पुत्र चंद्रभूषण बसखारी मार्ग पर स्थित आवास में परिवारीजनों के साथ रहते हैं। सोमवार को वह परिवारीजनों को लेकर अपने पैतृक आवास मरहरा चले गए। मंगलवार सुबह जब वह मरहरा से लौटे, तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। जब वह घर के अंदर गए, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। सभी कमरों के ताले टूटे थे और चारों तरफ सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी व बक्सों के ताले भी टूटे थे और अंदर का सामान बाहर पड़ा था। दिनेश के घर में चोरी की जानकारी होने पर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। बाद में पीड़ित ने थाने जाकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पीड़ित के अनुसार चोर 10 हजार रुपये नकदी के अलावा लगभग एक लाख रुपये कीमत का सामान चुरा ले गए हैं। एसओ शकुंतला उपाध्याय ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है।