गांजा कारोबार के गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
जहांगीरगंज। जनपद पुलिस ने गांजे का कारोबार करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लगभग सवा क्विंटल गांजा तथा दो चार पहिया वाहन भी बरामद हुआ। एसपी ने स्वाट व जहांगीरगंज पुलिस टीम की इस सफलता पर पांच हजार रुपये का इनाम प्रदान किया है।
आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में जनपद पुलिस ने नशीले पदार्थ का कारोबार करने वाले गिरोह के सदस्यों को भी रडार पर ले रखा है। टांडा में हुई छिटपुट गिरफ्तारी के बाद एसपी सुधीर कुमार सिंह ने स्वाट टीम प्रभारी संजय सिंह व थानाध्यक्ष जहांगीरगंज बेचूसिंह को ऐसे बदमाशों की गिरफ्तारी का टास्क दिया था। कई दिनों से की जा रही सुरागरशी के बाद रविवार रात सूचना मिली कि दो वाहन जहांगीरगंज की तरफ से राजेसुल्तानपुर आ रहे हैं। इस पर सीओ आलापुर कमल यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ली। दोनों वाहनों को रुकवाया गया तो उनमें से एक चार पहिया वाहन पर 80 किग्रा गांजा मिला जबकि दूसरे वाहन पर 38 किग्रा गांजा रखा हुआ था। दोनों वाहन से तीन बदमाशों राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के भूपतपुर कोड़रहा निवासी नारद यादव, इसी गांव के रामजनम यादव व समडीह निवासी संतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
थाने लाकर की गई पूछताछ में तीनों बदमाशों ने बताया कि वे सब आजमगढ़ के सागर नामक व्यक्ति से ही गांजा खरीदकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करने का काम करते हैं। रविवार को भी वे सब आजमगढ़ से लौट रहे थे। एसपी सुधीर सिंह ने इस बीच पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया।