मार्ग दुर्घटनाओं में तीन जख्मी, एक रेफर
घायल बाइक सवारों ने नहीं पहना था हेल्मेट
अमर उजाला ब्यूरो
अंबेडकरनगर। पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। उधर अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल बाइक सवारों ने हेल्मेट नहीं पहना था।
सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर थाना अंतर्गत अखंडनगर निवासी राहुल (25) पुत्र रामलखन सोमवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय रामपुर सकरवारी के निकट पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती कराया गया। वहां हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर करना पड़ा। उधर टांडा थाना अंतर्गत चनहा निवासी लालजी (32) पुत्र गिरिजा शंकर रविवार देर शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया, वह बाइक से टांडा नगर होकर घर जा रहा था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनके अलावा इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत ऐनवां निवासी लालबहादुर (40) पुत्र वंशराज को रविवार देर शाम इल्तिफातगंज बाजार में जीप ने टक्करर मारकर घायल कर दिया। वह बाइक से घर जा रहा था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। किसी भी बाइक सवार ने हेल्मेट नहीं लगाया था।