मूसलधार बारिश से टांडा के कई मोहल्ले जलमग्न
टांडा। जिले में दो दिन से हो रही बारिश के क्रम में रविवार को टांडा में मूसलधार बरिश हुई। इससे कई मोहल्लों में घुटने तक पानी भर गया। कई घरों व दुकानों में पानी घुस जाने की नौबत आ गई। शाम तक हुई बारिश के चलते टांडा नगर का आम जनजीवन बड़े पैमाने पर प्रभावित हुआ। उधर, अकबरपुर, आलापुर, भीटी व जलालपुर तहसील क्षेत्रों में आमतौर पर छिटपुट बारिश ही हो सकी।
यूं तो जिले में पिछले दो दिन से बारिश का दौर चला आ रहा है लेकिन अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का कड़ा रुख देखने को मिल रहा है। एक दिन पहले जब अन्य क्षेत्रों में मामूली बारिश हुई थी तब जलालपुर में मूसलधार बारिश के चलते कई गली-मोहल्लों में जलभराव हो गया था। इससे लोगों को पानी में ही उतरकर गंतव्य तक आने-जाने को विवश होना पड़ा था। इस बीच रविवार को जब आमतौर पर अन्य क्षेत्रों में सामान्य बारिश हुई तब टांडा में हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस व गर्मी से जहां राहत दिलाई, वहीं जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न कर दी।
टांडा नगर के कश्मीरिया नई बस्ती, जुबेर तिराहा, सकरावल, काजीपुरा, मुसहां व धुरयहिया आदि क्षेत्रों में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। इन मोहल्लों में घुटने तक पानी भर गया। इससे बच्चों ने जमकर लुत्फ उठाया, वहीं नगर के आम जनजीवन पर इसका प्रतिकूल असर देखने को मिला। न सिर्फ व्यापार प्रभावित हुआ, वरन तमाम जरूरी सामान की खरीदारी के लिए लोग घरों से बाहर नहीं निकल पाए। बारिश इतनी तेज थी कि घुटने तक हुए जलभराव के चलते कई घरों व दुकानों के भीतर पानी पहुंचने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। टांडा में यूं तो पूर्वाह्न 11 बजे के बाद से रिमझिम बारिश शुरू हुई थी लेकिन अपराह्न दो बजते ही मूसलधार बारिश शुरू हो गई। लगभग दो घंटे तक हुई तेज बारिश ने ही जगह-जगह जलाशय सा दृश्य उत्पन्न कर दिया। इसके बाद शाम छह बजे तक हल्की बारिश होती रही।