बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत
टांडा। दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
गुरुवार देर शाम कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भसड़ा गांव निवासी परशुराम (36) पुत्र रामदुलार बरियावन बाजार से सामान लेकर बाइक से घर जा रहा था। कोरई मोहिउद्दीनपुर गांव के निकट पीछे से आ रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक बाल-बाल बच गया। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल परशुराम को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की।