असलहे के बल पर किशोर का अपहरण
पुलिस ने की घेराबंदी तो आमा दरवेशपुर के पास छोड़कर भागे
अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चक बसहिया गांव निवासी एक किशोर का सोमवार देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने असलहे के बल पर अपहरण कर लिया। सूचना पर जहांगीरगंज व आलापुर पुलिस ने घेराबंदी की। इस पर आलापुर थाना क्षेत्र के आमा दरवेशपुर गांव के निकट अपहृत किशोर को छोड़कर बदमाश भाग खड़े हुए। पुलिस ने दो लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
चक बसहिया गांव निखिल (17) पुत्र रामप्रकाश सोमवार रात लगभग साढ़े नौ बजे घर के बाहर खड़ा था। इसी बीच एक बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। एक बदमाश ने उस पर असलहा तान दिया और जबरदस्ती उसे बाइक पर बैठा लिया। चीख पुकार सुनकर परिवारीजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश उसे लेकर वहां से आलापुर की तरफ भाग गए। परिवारीजनों ने तत्काल सूचना पुलिस को दी। जहांगीरगंज व आलापुर पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी। रात लगभग 12 बजे आलापुर थाना अंतर्गत आमादरवेशपुर गांव के निकट बदमाश निखिल को छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। एसओ जहांगीरगंज मनबोध तिवारी ने बताया कि रामप्रकाश की तहरीर पर लालमन यादव व बब्लू निवासी डड़वा थाना हंसवर के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए मामले में छानबीन की जा रही है।