मुआवजे को लेकर भड़के किसान, हाईवे पर लगाया जाम
एनएच 233 के निर्माण में समुचित मुआवजा न दिए जाने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बसखारी। समुचित मुआवजे की मांग को लेकर चल रहा एनएच 233 के निर्माण से प्रभावित किसानों का प्रदर्शन शनिवार को उग्र हो गया। प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए नाराज किसानों ने हाईवे जाम कर दिया। आरोप लगाया कि प्रशासन उन्हें समुचित मुआवजा दिलाने में मदद नहीं कर रहा है। सड़क जाम होने की सूचना पर टांडा एसडीएम मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि किसान इस बात पर अड़े थे कि एडीएम आकर ज्ञापन लें और लिखित आश्वासन दें। नाराज किसानों ने विरोध स्वरूप सड़क पर खिचड़ी भी पकायी।
गौरतलब है कि एनएन 233 के निर्माण से टांडा व आलापुर तहसील के किसान बड़े पैमाने पर प्रभावित हैं। उनका कहना है कि अंबेडकरनगर के किसानों को अन्य जनपदों की अपेक्षा कम मुआवजा दिया जा रहा है। किसान इसका लगातार विरोध कर रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन इस समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। इससे किसानों को धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। शनिवार को नाराज किसानों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। जाम की सूचना पर बसखारी एसओ महेंद्र प्रताप सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया लेकिन किसान पीछे नहीं हटे। सूचना पर एसडीएम नरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन किसान इस बार अड़ गए कि एडीएम मौके पर आएं और लिखित आश्वासन दें। देर तक एडीएम के न पहुंचने पर किसानों ने विरोध स्वरूप सड़क पर खिचड़ी पकाना शुरू कर दिया। सड़क जाम के चलते दूर तक वाहनों का लंबी कतार लग गई। इस पर प्रशासन ने रूट डायवर्ट कर यातायात बहाल कराया।