बाइक की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत
अन्य दुर्घटनाओं में होमगार्ड समेत तीन जख्मी
बाइक सवार घायलों ने नहीं पहना था हेल्मेट
अमर उजाला ब्यूरो
हंसवर। साइकिल से घर जा रहे वृद्ध को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी बसखारी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने बाइक चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया। उधर अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में होमगार्ड समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं पहना था।
हंसवर थाना अंतर्गत पृथ्वीपुर गांव निवासी भगेलू (65) पुत्र बनारसी बुधवार देर शाम साइकिल से हीरापुर बाजार से घर जा रहा था। बाजार से कुछ दूर आगे बढ़ते ही पीछे से आ रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। आननफानन में गंभीर रूप से घायल वृद्ध को सीएचसी बसखारी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के पुत्र जयचंद्र की तहरीर पर पृथ्वीपुर गांव निवासी बाइक चालक प्रवेश कुमार पुत्र उदयराज के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। एसओ त्रिभुवन प्रसाद वर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उधर, भीटी थाना अंतर्गत सझवां गांव निवासी रमेश कुमार (45) पुत्र श्रीराम गुरुवार दोपहर बाइक से अकबरपुर आ रहा था। महरुआ बाजार स्थित पेट्रोलपंप के निकट सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक बाल-बाल बच गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि रमेश होमगार्ड है और मौजूदा समय में उसकी तैनाती अकबरपुर तहसील में है। वहीं, हंसवर थाना अंतर्गत हंसवर निवासी सत्यम (16) पुत्र हृदयराम बुधवार देर शाम बाइक से टांडा से घर जाते समय बाजार के निकट पहुंचने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनके अलावा, बेवाना थाना अन्तर्गत बेवाना निवासी सोनू (30) पुत्र बाबूराम गुरुवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं लगा रखा था।