तहसीलदार के ज्ञापन न लेने पर भड़के ग्रामीण
कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर जताया विरोध
कोटेदार की शिकायत करने तहसील पहुंचे थे शाहपुर औरांव के ग्रामीण
अमर उजाला ब्यूरो
आलापुर। कोटेदार की शिकायत करने पहुंचे शाहपुर औरांव के ग्रामीणों का प्रार्थना पत्र तहसीलदार द्वारा न लिए जाने पर भड़के ग्रामीणों ने शुक्रवार को तहसील में जमकर हंगामा किया। धरना देने के साथ ही अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप लगाया और कहा कि अधिकारियों के इसी रवैये के चलते उनके गांव के कोटेदार की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। बाद में एसओ आलापुर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों का ज्ञापन लेकर समझा-बुझाकर शांत कराया।
शुक्रवार पूर्वाह्न करीब तहसील क्षेत्र के शाहपुर औरांव के दर्जनों ग्रामीण तहसील मुख्यालय पहुंच गए। वे गांव के कोटेदार की मनमानी को लेकर एसडीएम आलापुर से शिकायत करने पहुंचे थे। एसडीएम कार्यालय पर मौजूद नहीं थे। ऐसे में ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपना चाहा। आरोप के मुताबिक उन्होंने ग्रामीणों का ज्ञापन लेने से इनकार कर दिया। इससे नाराज ग्रामीण तहसीलदार कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों के सख्त रुख को देखते हुए तहसीलकर्मी मौके पर जाने की हिमाकत नहीं कर सके। इसकी सूचना आलापुर थानाध्यक्ष देवीचरन गुप्त को दी गई। सूचना मिलने के बाद वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का ज्ञापन लिया, और उनकी बात उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन समाप्त हो सका। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।