सड़क किनारे मिला युवक का शव
मामले में मार्ग दुर्घटना का केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
राजेसुल्तानपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुरांव गांव निवासी एक युवक का शव गुरुवार सुबह निकसपुर गांव के पास सड़क के किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने मामले में मार्ग दुर्घटना का केस दर्ज कर लिया है।
राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के कुरांव गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब सूचना मिली की गांव निवासी महेंद्र पांडेय (45) पुत्र पारसनाथ पांडेय का शव सड़क के किनारे निकसपुर गांव के पास पड़ा है। दोनों गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना राजेसुल्तानपुर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अभिरक्षा में ले लिया। बताया जाता है कि महेंद्र बुधवार शाम गांव के पास आई एक बारात में गया था। वहां से भोजन आदि करने के बाद वह घर नहीं लौटा। गुरुवार सुबह ही परिवारीजनों को सूचना मिली कि उसका शव सड़क किनारे पड़ा है। पुलिस ने महेंद्र के भाई वीरेंद्र की तहरीर पर अज्ञात वाहन के विरुद्ध मार्ग दुर्घटना की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसओ संदीप सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।