22 गांवों को प्रशासन ने किया खुले में शौचमुक्त घोषित
अमर उजाला ब्यूरो
अंबेडकरनगर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गुरुवार को जिले के 22 गांवों को खुले में शौचमुक्त घोषित कर दिया गया। 36 ग्राम पंचायतों को पहले ही खुले में शौचमुक्त घोषित किया जा चुका है। जुलाई तक 140 ग्राम पंचायत तो दिसंबर तक समूचे जनपद को खुले में शौचमुक्त घोषित किए जाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए प्रशासन द्वारा बड़े पैमाने पर कदम उठाए जा रहे हैं। न सिर्फ जगह-जगह गोष्ठी के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है बल्कि जागरूकता रैली निकालकर लोगों को खुले में शौच से होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी दी जा रही हैै।
पर्यावरण को दूषित होने से बचाने व देश को साफ-सुथरा रखने के लिए केंद्र सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन योजना का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत प्रथम चरण में जिलों को खुले में शौचमुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। गत दिवस उत्तर प्रदेश के चयनित जिलों में अंबेडकरनगर को भी योजना के तहत शामिल किया गया और 31 दिसंबर 2017 तक जिले को खुले में शौचमुक्त करने का लक्ष्य दिया गया। शासन के निर्देशानुसार इसके लिए गांव-गांव अभियान चलाकर लोगों को खुले में शौच से होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी दी जाने लगी। साथ ही जगह-जगह जागरूकता रैली भी निकालकर लोगों को खुले में शौच न करने के लिए जागरूक किया जाने लगा। इतना ही नहीं, मिशन को और पुख्ता बनाने के लिए डीएम ने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को भोर में ही गांव-गांव जाकर लोगों को खुले में शौच करने से रोकने का भी निर्देश दिया था।
31 दिसंबर तक जिले व 31 जुलाई तक जिले की 140 ग्राम पंचायतों को खुले में शौचमुक्त घोषित किए जाने के दिए लक्ष्य को पूरा करने के लिए बड़े पैमाने पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का असर यह हुआ कि गत दिवस ही 36 ग्राम पंचायतों को खुले में शौचमुक्त घोषित कर दिया गया। इस बीच गुरुवार 8 जून को 22 अन्य ग्राम पंचायतों को भी खुले में शौचमुक्त घोषित कर दिया गया।
जलालपुर विकास खंड का ठट्ठा, कटघरमूसा, भियांव विकास खंड के गौरापालिवारी, गोविंदपुर, जफरपुर सुकरौली, भीटी विकास खंड में रामनगर कर्री, पमौली, रामनगर विकास खंड में झखरवारा व कटोखर, बसखारी विकास खंड में हुसेनपुर गिरंट, जमऊपुर, ओझीपुर व बढ़ियानी खुर्द, टांडा विकास खंड में बेलासपुर व पकड़ी भोजपुर, अकबरपुर विकास खंड में समैसा खाम व अहिया कमालपुर, जहांगीरगंज विकास खंड में देवरिया पंडित व बरोहीपुरा पांडेय, कटेहरी विकास खंड में आंतडीह, जगदीशपुर व हरदोपुर को खुले में शौचमुक्त घोषित गया।
स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि 31 जुलाई तक 140 ग्राम पंचायतों जबकि 31 दिसंबर तक समूचे जनपद को खुले में शौचमुक्त किए जाने का लक्ष्य है। इसे समय रहते पूर्ण कर लिया जाएगा। आमलोगों को भी साफ-सफाई को लेकर जागरूक होना होगा।