अंबेडकरनगर। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल ने गोरखपुर-अयोध्या खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव कार्यक्रमों की सूचना जारी कर दी है। 30 जनवरी को यहां नौ केंद्रों पर सुबह आठ बजे से मतदान कराया जाएगा। कुल 13, 961 मतदाता वोट डालेंगे। नामांकन की प्रक्रिया गोरखपुर में अपनाई जाएगी।
गौरतलब है कि मौजूदा शिक्षक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का कार्यकाल 12 फरवरी 2023 को खत्म हो रहा है। इसे देखते हुए ही चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया पांच जनवरी से शुरू हो जाएगी।
बताया कि नामांकन की प्रक्रिया गोरखपुर कलेक्ट्रेट में अपनाई जाएगी। नाम निर्देशन पत्र जमा करने के लिए अंतिम तिथि 12 जनवरी है। नामांकन पत्रों की जांच 13 जनवरी व नाम वापसी की प्रक्रिया 16 जनवरी को अपनाई जाएगी। ये सभी प्रक्रियाएं गोरखपुर में होंगी।
30 जनवरी को सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान की प्रक्रिया अंबेडकरनगर के सभी नौ ब्लॉक मुख्यालयों पर अपनाई जाएगी। यहां 13, 961 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इसमें पुरुष मतदाता 8,929 जबकि महिला मतदाता 5,032 हैं। दो फरवरी को गोरखपुर में मतगणना होगी।
इस बीच चुनाव प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि चुनाव कार्य से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को इसके लिए जल्द ही जरूरी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि चुनाव कार्य में किसी तरह की दिक्कत न हो।