अंबेडकरनगर। जिले के उभरते खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राज्य स्तर पर आयोजित होने जा रही प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं के लिए जिले से कुल 14 खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तर के ट्रायल के लिए किया गया है। जिला स्तरीय ट्रायल प्रक्रिया मंगलवार को एकलव्य स्टेडियम में हुई, जिसमें श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के नाम चयनित किए गए।
30 अगस्त से चार सितंबर तक वाराणसी में प्रस्तावित पंडित दीन दयाल सीनियर पुरुष हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। मंडल स्तर पर ट्रायल के लिए जिले से नौ खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में आजाद राजभर, कृष्णा राजभर, सौरभ राजभर, अंकुर, अर्जुन, मोहम्मद मलिक, शिवा, मोहम्मद सहरान, शिवम राजभर और विनोद शामिल हैं।
जिला स्तरीय ट्रायल मंगलवार सुबह 11:30 बजे से प्रारंभ हुआ, जहां खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर मंडल स्तर के ट्रायल में अपनी जगह सुनिश्चित की। एक से चार सितंबर तक बाराबंकी में होने वाली सब-जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए जिले की ओर से पांच प्रतिभाशाली बालिकाओं का चयन किया गया है। चयनित नामों में सौम्या, मुस्कान, मान्यता, मांडवी और आराध्या शामिल हैं।
सोमवार दोपहर दो बजे हुए ट्रायल में खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। चयनित खिलाड़ियों का अगला परीक्षण अब मंडल स्तर पर होगा। हॉकी और हैंडबॉल दोनों के लिए मंडल ट्रायल बुधवार को अयोध्या में आयोजित होगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी शीला भट्टाचार्या ने बताया कि खिलाड़ियों को ट्रायल में शामिल होने के लिए जन्मतिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है।