अंबेडकरनगर। कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव को देखते हुए कटेहरी विकासखंड की 13 सड़कों की साढ़े तीन करोड़ से मरम्मत होगी। इसका प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। इसके जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद इन सड़कों का मरम्मत कार्य शुरू हो जाएगा। इससे लगभग 50 हजार आबादी को सीधे तौर पर इसका लाभ मिलेगा।
कटेहरी विधानसभा में इन दिनों उपचुनाव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। उपचुनाव को देखते हुए बीते दिनों पीडब्ल्यूडी द्वारा 16 सड़कों की मरम्मत का निर्णय लिया गया था, इसकी स्वीकृति भी मिल चुकी है। अब इसी क्रम में मंडी परिषद द्वारा 13 सड़कों की मरम्मत कराए जाने की तैयारी है। मालूम हो कि बीते दिनों एमएलसी हरिओम पांडेय ने कई प्रमुख सड़कों का प्रस्ताव मंडी परिषद को सौंपा था। अब विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भेज दिया है। उम्मीद है कि जल्द ही इसकी मंजूरी मिलने के बाद इन सड़कों के मरम्मत का कार्य शुरू हो जाएगा।
इन सड़कों की मरम्मत से लगभग 50 हजार आबादी को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। न सिर्फ यातायात सुचारु होगा बल्कि गड्ढों की चपेट में आकर अनियंत्रित होने व हिचकोले खाने से भी निजात मिल जाएगी। कटेहरी के रामबरन, अंगद व मनीष ने कहा कि सड़कों की मरम्मत हो जाने से यात्रा सुगम हो जाएगी। बाहरी यात्रियों को भी इस होकर आने जाने में सहूलियत मिलेगी।
इन सड़कों का होगा निर्माण
मंडी परिषद कार्यालय के अनुसार कटेहरी बाजार से बरवां तक मरम्मत कार्य, त्रिलोकपुर महापारा सम्पर्क मार्ग, तिवारीपुर से बड़ेरिया मार्ग, भिखारीपुर से श्रवणक्षेत्र मार्ग, सेहरा जलालपुर सम्पर्क मार्ग, पंचमदास कुटी रामबाबा सम्पर्क मार्ग, खड़सा संपर्क मार्ग, मदनगढ़ से तमसा नदी संपर्क मार्ग, निनामपुर से इमिलिया संपर्क मार्ग, उमरावॉ झनका संपर्क मार्ग, लोहझरा से रामबाबा संपर्क मार्ग, नरायनपुर संपर्क मार्ग व हरदोपुर संपर्क मार्ग का मरम्मत कराया जाएगा।
क्षेत्र की समस्याओं पर रहेगी नजर
एमएलसी हरिओम पांडेय ने कहा कि वे आम जनता की सुविधाओं को लेकर प्रयासरत रहते हैं। सड़कों व अन्य जरूरी निर्माण को लेकर उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा। अभी इन सड़कों का मरम्मत हो जाने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। आम जनता को ज्यादा से ज्यादा सहूलियत मिल सके इसके लिए वे प्रयास करते रहते हैं।
तैयार हो रहा है प्रस्ताव
कटेहरी विधान सभा क्षेत्र की 13 सड़कों का प्रस्ताव भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा। शेष विधान सभा क्षेत्र का भी सर्वे करा लिया गया है। जल्द ही उसे भी भेज दिया जाएगा। - देशराज सिंह, सहायक अभियंता मंडी परिषद