आलापुर (अंबेडकरनगर)। अधिवक्ता कल्याण समिति आलापुर के वरिष्ठ सदस्य पद के लिए शुक्रवार को चुनाव हुआ। कुल 131 मतदाताओं में से 128 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान दो मत निरस्त घोषित होने के बाद कुल 126 मान्य मतों के आधार पर अंतिम परिणाम घोषित किए गए।
सुबह से ही भवन में मतदान के लिए अधिवक्ताओं की भीड़ जुटने लगी। निर्वाचन अधिकारी रणजीत सिंह, वकार अहमद फारूकी व राजमणि सिंह की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया हुई। दोपहर बाद चार चरणों में मतगणना हुई। घोषित परिणामों के अनुसार, राजेश यादव को 90, सुनील कुमार यादव को 86, अनिल कुमार श्रीवास्तव को 82, कमल कुमार दूबे 81, हरिलाल 76 व योगेंद्र कुमार को 71 मत मिले।
वरिष्ठ सदस्य पद पर पांच अधिवक्ताओं का निर्वाचन होना तय किया गया था। इस कारण योगेंद्र कुमार को ही पराजय का सामना करना पड़ा। परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ता भवन तालियों, जयघोष और बधाइयों से गूंज उठा। समर्थकों ने विजेताओं का माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।इस दौरान अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुनीत कुमार द्विवेदी, महामंत्री नरेंद्र कुमार यादव, पूर्व अध्यक्ष श्रीकांत शुक्ला, वरिष्ठ अधिवक्ता जगन्नाथ मिश्रा, दुर्गेश यादव, दिनेश कुमार सिंह, सुरेंद्र प्रताप यादव व अन्य उपस्थित रहे।