मतगणना कार्य में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो, इसके लिए 76 पार्टियों के 380 कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है। उधर मतगणना को शांतिपूर्ण एवं सकुशल निपटाने के लिए एक दिन पूर्व ही संबंधित ब्लॉकों में तैयारियां पूर्ण कर ली गईं। मतगणनास्थल पर बैरीकेडिंग का कार्य भी शनिवार को पूर्ण कर लिया गया।
जिले में ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के लिए चार चरणों में हुए मतदान के बाद रविवार को उनके भाग्य का फैसला होगा। रविवार से प्रारंभ होने वाली मतगणना में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियां प्रशासन ने एक दिन पहले ही पूर्ण कर ली गईं। मतगणनास्थल पर सुरक्षा के प्रबंध करने के साथ ही बैरीकेडिंग का कार्य भी शनिवार को पूर्ण कर लिया गया।
जिला विकास अधिकारी मथुरा प्रसाद मिश्र ने बताया कि मतगणनास्थल से 200 मीटर दूरी तक किसी को भी प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। मतगणना कक्ष में प्रत्याशी के अलावा उसके अभिकर्ता ही जा सकेंगे। काउंटिंग में प्रत्येक चक्र के परिणाम की जानकारी लाउडस्पीकर से दी जाएगी।
श्री मिश्र ने बताया कि मतगणना कार्य 111 एआरओ की देखरेख में होगा। कुल 333 टेबल पर होने वाली मतगणना के लिए 666 पार्टियों के 3330 कर्मचारियों को लगाया गया है। मतगणना में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए 76 पार्टियों के 380 कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है।
बताया कि कर्मचारी संबंधित मतगणना स्थल पर रविवार सुबह 6 बजे पहुंच जाएंगे। सुरक्षा के लिए मतगणनास्थल के अंदर व बाहर पुलिसकर्मियों के साथ साथ अर्धसैनिक बल को भी लगाया गया है। समूची मतगणना प्रक्रिया वीडियोग्राफी के बीच होगी, जिससे कम अंतर से होने वाली हार जीत में किसी प्रकार की समस्या न खड़ी हो।