मंडी समिति निरीक्षक रामायण सिंह को सोमवार को सूचना मिली कि खेमापुर निवासी एक गल्ला व्यापारी टैक्स चोरी कर चावल की बिक्री करने जा रहा है। उन्होंने तत्काल अपनी टीम के साथ गोसाईगंज की तरफ जा रहे चावल लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली को खेमापुर के निकट रोक लिया।
ट्रॉली पर लदे 105 बोरी चावल के बारे में पूछताछ की तो मौजूद लोग कुछ नही बता सके। कागजात की जांच से पता चला कि जो चावल बिकने जा रहा है उसका न तो मंडी शुल्क जमा है, और न ही सेल्सटैक्स ही। सूचना गल्ला व्यवसायी छेदीलाल गुप्त को मिली तो वह भी मौके पर पहुंचा। समिति निरीक्षक के मुताबिक वहां विरोध करने लगा।
इस पर उन्होंने इसकी सूचना एसडीएम भीटी एसपी सिंह को दी। एसडीएम के निर्देश पर अहिरौली एसओ राजेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर ट्रॉली सहित चावल को अभिरक्षा में थाने ले आए। निरीक्षक ने थाने में संबंधित मामले में तहरीर दे दी है। एसओ ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।