अंबेडकरनगर। जिले में कोरोना की रफ्तार और तेज हो गई है। शनिवार को कोरोना के 10 नए मामले सामने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। एक साथ 10 नए मामले सामने आने से जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 38 हो गई। कोरोना संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
कोरोना संक्रमण के शुक्रवार को जहां सात नए मामले सामने आए थे, तो शनिवार को अचानक इनकी संख्या बढ़कर 10 हो गई। एक साथ 10 नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि अलग-अलग क्षेत्रों से आई जांच रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को कोरोना संक्रमण के 10 नए मामले सामने आए। इसमें जलालपुर के जफराबाद में युवक, मीरानपुर अकबरपुर का युवक, भियांव विकास खंड बेरगा नेवादा कला निवासी महिला, टांडा विकास खंड के अरिखापुर निवासी महिला, टांडा विकास खंड के मेडिकल कॉलेज में युवक, टांडा पैकोलिया निवासी युवक, टांडा एनटीपीसी की बुजुर्ग महिला व महिला, जहांगीरगंज विकास खंड के जहांगीरगंज निवासी युवक व भियांव विकास खंड के बेरगा नेवादा कला का युवक जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित क्षेत्रों में जाकर आमजन को कोरोना को फैलने से रोकने के लिए सभी एहतियात बरतने की अपील की। कहा गया कि एहतियात बरतने से ही कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।