नौ घंटे नहीं उठने दिया गया शव
कुछ देर बाद एडीएम प्रशासन व वित्त विनीता सिंह, डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत, एडीसीपी पुष्कर वर्मा, एसडीएम आकांक्षा सिंह के अलावा कई थाने की पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सुबह करीब छह बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक लोग शव नहीं उठाने देने की जिद पर अड़े रहे। करीब नौ घंटे तक हंगामा चलता रहा। एडीएम ने दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एक ही तरह से दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां लालती देवी, सुशील की पत्नी ज्ञानवती देवी, बेटा दिव्यांश (10), शिवांग (8) व बेटी करिश्मा (4) का रो-रोकर हाल बेहाल है। सुशील के छोटे भाई संतोष कुमार का शव भी उसकी शादी के चौथे दिन बस्ती के पास ही संदिग्ध हालात में एक पेड़ से लटता मिला था। उस वक्त भी परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस की ओर से कार्रवाई न किए जाने से लोगों में बहुत नाराजगी थी।
विधायक समेत इन लोगों पर हत्या व साजिश का आरोप
मृतक के बड़े भाई सुनील कुमार ने डीएम को संबोधित एक शिकायती पत्र एडीएम प्रशासन व वित्त को देकर आरोप लगाया कि जमीन के विवाद में उनके दोनों भाइयों की हत्या की गई है। हत्या व साजिश में हंडिया विधायक हाकिम लाल बिंद, गायिका सुमित्रा नंदिनी व उसका भाई अमित गौतम निवासी सैदाबाद, सरायममरेज के सेवना गांव निवासी गौरी और उसका जीजा संजय गौतम जिम्मेदार हैं। एडीएम की ओर से एसीपी हंडिया को दिए गए निर्देश पर विधायक हंडिया सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। इधर, सपा विधायक हाकिमलाल बिंद ने कहा कि इस घटना से मेरा कोई लेनादेना नहीं है। जो आरोपी बनाए गए हैं, उन्हें भी मैं नहीं जानता। आत्महत्या के इस मामले में हत्या की प्राथमिकी कुछ लोगों ने मेरी छवि धूमिल करने के लिए दर्ज कराई है। घटनास्थल मेरे यहां से 20 किलोमीटर से अधिक दूर है। मृतक को मैं जानता भी नहीं हूं। मेरी मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
धनूपुर बाजार में दो घंटे लगाया जाम
एक ही तरह से दो सगे भाइयों की माैत से आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों ने धनूपुर बाजार में हंडिया-शुकुलपुर मार्ग को बैरिकेडिंग कर जाम कर दिया। करीब दो घंटे बाद उच्चाधिकारियों की ओर से कार्रवाई का भरोसा देने पर आवागमन शुरू हुआ।
मामले में गौरी नामक युवती को हिरासत में लिया गया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - कुलदीप सिंह गुनावत, डीसीपी, गंगानगर