फोटो कैप्शन: मृतक विनीत शुक्ल (फाइल फोटो)।
बेकाबू पिकअप वाहन की टक्कर से घायल युवक की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल है।
थाना क्षेत्र के दसवार गांव निवासी विनीत शुक्ल (19) पुत्र दयाशंकर शुक्ल शुक्रवार को अपने चचेरे भाई प्रितेश शुक्ल (20) पुत्र सुरेश चंद्र शुक्ल के साथ बाइक से कोरांव बाजार स्थित पन्नालाल तिवारी वस्त्रालय दुकान में ताला बंद कर अपनी बहन नेहा के ससुराल नहवाई गांव लौट रहा था। रात करीब दस बजे मांडा–कोरांव मार्ग पर कोषड़ा कला स्थित देवकुंड नाथ धाम के बेकाबू पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए थे।
मांडा पुलिस ने दोनों को सीएचसी मांडा पहुंचाया। जहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया था। शनिवार सुबह इलाज के दौरान विनीत की मौत हो गई। जबकि प्रितेश का मांडा स्थित निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
मृतक पांच बहनों में इकलौता और सबसे छोटा भाई था। उसकी चार बहनों की शादी हो चुकी है। विनीत बीए तृतीय वर्ष का छात्र था और शनिवार को उसकी परीक्षा थी। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को ही मृतक के पिता मध्य प्रदेश में बेटे की शादी की बात करने के लिए गए थे। मृतक की मां सावित्री देवी, बहन नेहा, शांति, शकुंतला और रुचि का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा सुरेश चंद्र शुक्ल की तहरीर पर पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।