रिश्तेदारी से घर लौट रहे एक युवक की तेज रफ्तार ने जान ले ली। रविवार सुबह मांडा थाना क्षेत्र के सुरवां दलापुर-टिकरी मार्ग स्थित महुअरी कला गांव के पास नहर पुलिया के समीप उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र के छोटी सिहौली गांव निवासी आशीष मौर्य (24) पुत्र रामधारी शनिवार को अपने रिश्तेदारी में खुरमा गांव आया था। देर रात वह बाइक से घर लौटने के लिए निकला, लेकिन सुबह उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। अलसुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अनिल वर्मा और दिघिया चौकी प्रभारी विक्की गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई।
मौके पर युवक की क्षतिग्रस्त बाइक भी पड़ी मिली। पुलिस के अनुसार युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल के पास पड़ी सीमेंट की मोटी पाइप पर खून के छींटे भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सड़क पर तीखा मोड़ होने के कारण तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और युवक हादसे का शिकार हो गया।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। मां मीरा देवी, भाई सूरज और बहनों किरण व लक्ष्मी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक आशीष अविवाहित था और घर पर रहकर इलेक्ट्रिक मैकेनिक का काम करता था। परिवार के भरण-पोषण में भी जिम्मेदारी निभाता था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है।