नौकरी दिलाने के नाम पर लिए गए लाखों रुपये लौटाने के लिए एक युवक ने अपने ही अपहरण की साजिश रच डाली। इसके बाद घरवालों से फिरौती मांगी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए मामले का खुलासा किया है। एसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
अंतू थाना क्षेत्र के नेवादा गौराडांड़ निवासी हेमबहादुर लालगंज कोतवाली के खजुरी वर्मा नगर में रहता है। बीते चार मार्च को हेजराज के मोबाइल से पत्नी व एक परिचित महिला के मोबाइल नंबर पर मैसेज आया कि उसका अपहरण कर लिया गया है। तीस लाख की फिरौती नहीं देने पर उसकी हत्या कर दी जाएगी। पुलिस को सूचना देने पर उसको मौत के घाट उतार दिया जाएगा।
इसकी जानकारी होने के बाद पिता रामजियावन ने अपहरण का केस दर्ज करा दिया। स्वाट टीम व लालगंज पुलिस ने मामले की जांच शुुरू की तो छह मार्च को हेमराज की लोकेशन रायबरेली में मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शनिवार सुबह उसे रोडवेज बस से लालगंज इलाके में बरामद कर लिया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो हेमराज ने अपने अपहरण की कहानी बयां कर दी।
बताया कि उसने कई लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लिए थे। वह किसी को नौकरी नहीं दिला सका और सारे रुपये खर्च हो गए। जब लोग रुपये मांगने लगे तो उसने अपने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ डाली और परिजनों को मैसेज भेजकर फिरौती मांगी। पुलिस हेमराज को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश द्विवेदी ने बताया कि घटना का खुलासा करने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।