खुल्दाबाद के काला डांडा इलाके में मंगलवार की रात युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। घर वाले घटना का कारण नहीं बता पाए। बेनीगंज के जीतेंद्र पाल वधावन का बेटा मनीष (30) रामबाग में चप्पल जूते की दुकान पर बतौर सेल्समैन काम करता था।
मंगलवार की शाम वह कहीं से आया। उसे गुमसुम देख मां ने पूछा लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। रात में मनीष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह मां आदर्श तथा अन्य लोगों ने देखा तो पता चला। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि घर वालों को घटना का कारण नहीं पता। मनीष ने उनसे कुछ नहीं बताया था।
अपराधी शेरा पर रंगदारी मांगने का मुकदमा
करेली के शातिर अपराधी शेरा पर रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया है। जेके पब्लिक स्कूल के पास रहने वाले मोनू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि शेरा ने 17 दिसंबर को उसके घर पर आया और तमंचा दिखाकर डेढ़ लाख रुपये की रंगदारी मांगी। उसने एक महीने पहले मोनू के भाई को चाकू दिखाकर आठ हजार रुपये छीन लिए थे।
पुलिस ने शेरा, साजिद और सद्दाम तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शेरा कुछ साल पहले उस वक्त चर्चा में आया था, जब उसने सलमान खान को फोन कर धमकी दी थी। मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसे करेली से गिरफ्तार किया थआ।