फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो बेटियों समेत युवती ने कर लिया आत्मदाह

Tue, 03 Feb 2015 12:17 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
 यमुनापार के खीरी इलाके में रविवार रात एक महिला ने पांच और डेढ़ साल की अपनी बेटियों समेत आग लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका पति मुंबई में है। वह यहां ससुराल में रहती थी। रविवार को उसके देवरानी और सास-ससुर शहर में संगम चले गए थे। रात में उन्हें घर लौटने पर दो पोतियों समेत बहू के आत्मदाह का पता चला। खबर पाकर खीरी पुलिस के साथ सीओ और एसडीएम पहले ही पहुंच चुके थे। दरवाजा तोड़ पुलिस ने शव कब्जे में लिए। सामूहिक खुदकुशी की वजह नहीं साफ हो सकी है। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है।
विज्ञापन


खीरी में सिलौधी गांव निवासी हरिशंकर गुप्ता उर्फ मुलई के दो बेटे हैं। राजरूप गुप्ता और राजनारायण गुप्ता। दोनों बेटे मुंबई में रहते हैं। राजरूप ऑटो चलाता है जबकि छोटा भाई किसी फैक्ट्री में काम करता है। उन दोनों की पत्नियां बच्चों सहित यहां ससुर हरिशंकर और सास रामकली के साथ रहती हैं। राजरूप का ब्याह दस साल पहले कोरांव में सिलोखर गांव निवासी भाईलाल की बेटी कविता (30) से किया गया था। उसकी दो बेटियां हैं। छह साल की गुंजा और डेढ़ साल की वर्षा। छोटे भाई राजनारायण की पत्नी प्रीति और बेटा श्रेयश है। परिवार में सब हंसी खुशी चल रहा था। कविता के सास-ससुर ने छोटे बेटे राजनारायण के दो वर्षीय पुत्र श्रेयश का रविवार को संगम तट पर मुंडन कराने का फैसला किया। सुबह संगम के लिए रवाना होते वक्त उन्होंने कविता को साथ चलने के लिए कहा तो उसने इंकार कर दिया। उसकी बेटी गुंजन जाना चाहती थी लेकिन बाबा हरिशंकर ने यह कहकर मना कर दिया कि बस और टेंपो से जाने पर उसे परेशानी होगी। रात करीब दस बजे आसपास के लोगों ने घर से कविता की चीख और धुआं उठता देखा। किसी ने मोबाइल से 100 नंबर पर कंट्रोल रूम में सूचना दी तो खीरी इंस्पेक्टर प्रेमनारायण मिश्र पुलिस बल के साथ पहुंच गए।

एसडीएम मेजा डॉ.विपिन मिश्र और सीओ राजवीर सिंह भी आ गए। पुलिस के कहने पर कुछ लोग किसी तरह खपरैल के मकान के भीतर घुसे और दरवाजा तोड़ा। अंदर जाने पर हर कोई सन्न रह गया। कविता और उसकी दोनों बेटियों की जलकर मौत हो गई थी। कमरे में दरवाजे समेत चार जगह अंदर से ताले लगे थे जिससे पुलिस ने माना कि कविता ने खुद ताले लगाने के बाद बेटियों समेत आत्मदाह कर लिया। चारपाई पर कविता और उसके पेट पर डेढ़ साल की बेटी वर्षा की जली लाश थी। बड़ी बेटी का शव एक टंकी पर टिका था। देर रात कविता के सास-ससुर और देवरानी पहुंचे तो वे घटना के बारे में जानकर अवाक रह गए। आधी रात कविता के मायकेवालों ने आकर पुलिस से कहा कि यह कत्ल का मामला है। खबर पाकर सोमवार दोपहर बाद एसएसपी दीपक कुमार ने भी मौके पर जाकर जानकारी ली। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें