झूंसी कोहना गांव में बृहस्पतिवार की सुबह एक घर से बुजुर्ग महिला की 25 दिन पुरानी लाश बरामद हुई तो हड़कंप मच गया। सबसे ज्यादा हैरत इस बात की थी कि बुजुर्ग महिला का बेटा लाश के साथ 25 दिन से रह रहा था। उसने यह बात किसी से नहीं बताई थी। जब भीषण दुर्गंध फैली तो मुहल्ले वालों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तलाशी ली तो तीन रजाई के अंदर लाश पड़ी थी। कुछ हिस्से कंकाल बन गए थे। पुलिस ने सनकी बेटे को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पूरी घटना से गांव की बस्ती के ग्रामीण भी सकते में हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद कहा जा सकता है कि सुग्गन का बेटा मनोरोगी है। पूछने पर ऊल जुलूल उत्तर दे रहा था। सुग्गन की मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी पोस्टमार्टम के बाद होगी। गांव के दूसरे मुहल्ले में सुग्गन की दो बेटियां रहती हैं। सूचना पर वे भी पहुंची और अपने भाई को कोसती रहीं कि मां की मौत 25 दिन पहले हो गई। उसने आज तक कुछ नहीं बताया था।