पुलिस को उसके मोबाइल की जांच के दौरान एक वीडियो मिला है जिसमें उसके दो गुर्गे बेल्ट से एक युवक को पीटते नजर आ रहे हैं। दोनों युवक के कपड़े उतारकर बुरी तरह से पीट रहे हैं। युवक चीख रहा था, चिल्ला रहा था, मिन्नतें कर रहा था कि उसे छोड़ दिया जाए। वह कपड़े पहनने की कोशिश करने लगा तो उसे और पीटा गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक असद ही वह वीडियो बना रहा था, इस कारण वह वीडियो में नहीं दिख रहा है। वीडियो लखनऊ स्थित उसके फ्लैट का है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिख रहा युवक कौन है, इस बात का पता लगाया जा रहा है। असद के जो गुर्गे उसे पीट रहे हैं, उनके एक के बारे में बताया जा रहा है कि वह अली का दोस्त सैफ है। दोनों गुर्गों के बारे में जानकारी इकट्ठी कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बेड पर डाॅन की तरह बैठा है, लिखा है ‘ लैंड ऑफ अल्टीमेट गैंगस्टर’
असद के मोबाइल से एक और फोटो मिली है जिसमें वह एक बेड पर तकिये से टेक लगाकर डाॅन की तरह बैठा है। लंबे बाल, लंबे काले कोट और शर्ट-पैंट पहने असद के पीछे दीवार पर लिखा है ‘लैंड ऑफ अल्टीमेट गैंगस्टर’। इस तस्वीर से साफ था कि असद को सिर्फ और सिर्फ गैंगस्टर बनना था।