उतरांव थाना क्षेत्र के जगतपुर रेलवे क्रॉसिंग से कुछ दूरी पर शनिवार की रात एक युवक ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। सूचना पर रविवार को उतरांव पुलिस मौके पर पहुंचकर शव का शिनाख्त कराकर पीएम के लिए भेज दिया।
मंडौर गांव निवासी दीपचंद का बेटा राहुल (27) से शनिवार की रात पत्नी से किसी किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जहां राहुल पत्नी से नाराज होकर रात में ही घर छोड़कर चला गया था। रविवार को सुबह जगतपुर रेलवे ट्रैक पर उसका शव पड़ा मिला। परिजनों को जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में गांव के लोग एवं परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक राहुल दो भाइयों में बड़ा था। गांव में ही मोबाइल शॉप की दुकान चलाता था। करीब छह साल पहले राहुल ने प्रेम विवाह किया था।
राहुल के निधन से पत्नी सपना, बेटी परी, बहन राधा, मां और पिता दीपचंद का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना अध्यक्ष उतरांव प्रीतम तिवारी ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है।