फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: आरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र में चयनित अभ्यर्थी बनकर पहुंचा युवक, दस्तावेज जांच में खुली पोल

विज्ञापन
विज्ञापन
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कांस्टेबल भर्ती में फर्जी कॉल लेटर के जरिये सेंधमारी का मामला सामने आया है। सूबेदारगंज स्थित आरपीएफ क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में चयनित अभ्यर्थी बनकर पहुंचे एक युवक के दस्तावेज सत्यापन के बाद फर्जीवाड़े की पोल खुल गई। पुलिस पीलीभीत के शिवनगर गांव लालपुर निवासी रोहित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
विज्ञापन

सूबेदारगंज स्थित आरपीएफ क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में एक जुलाई से नवनियुक्त कांस्टेबलों की प्रारंभिक ट्रेनिंग शुरू हुई है। उत्तर रेलवे की ओर से भेजी गई सूची के अनुसार 82 चयनित अभ्यर्थियों को 30 जून तक प्रशिक्षण केंद्र में रिपोर्ट करना था। इनमें से दो जुलाई तक 70 अभ्यर्थी आमद करा चुके थे। दस्तावेजों के सत्यापन की जिम्मेदारी एएसआई जितेंद्र सिंह और कांस्टेबल नीरज कुमार को सौंपी गई थी। इसी दौरान बृहस्पतिवार को एक युवक प्रशिक्षण केंद्र पहुंचा। उसने अपना परिचय पीलीभीत निवासी रोहित के रूप में बताकर आरपीएफ भर्ती का कॉल लेटर दिया।
सत्यापन के दौरान उसके दस्तावेज संदिग्ध लगे। अधिकारियों ने उत्तर रेलवे से प्राप्त चयनित अभ्यर्थियों की सूची से मिलान किया तो रोहित पुत्र झनकार का नाम सूची में नहीं मिला। वहीं, कॉल लेटर पर अंकित रोल नंबर सूची में क्रमांक 27 पर दर्ज दूसरे अभ्यर्थी रोहित पुत्र बलराज सिंह का निकला। इसके बाद अधिकारियों ने युवक से गहन पूछताछ की, जिसमें फर्जी कॉल लेटर का मामला सामने आ गया।
विज्ञापन

उत्तर रेलवे से डोजियर तैयार करने पहुंचीं निरीक्षक सोनिया ने लिखित रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि रोहित पुत्र झनकार का नाम प्रशिक्षण के लिए नामित अभ्यर्थियों की सूची में शामिल नहीं है। इसके बाद सहायक सुरक्षा आयुक्त एवं उप प्रधानाचार्य के निर्देश पर एएसआई जितेंद्र सिंह ने आरोपी और उसके दस्तावेज धूमनगंज पुलिस को सौंप दिए।
वेबसाइट से सूची डाउनलोड कर बनाया कॉल लेटर
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चयनित अभ्यर्थियों की सूची वेबसाइट से डाउनलोड की थी। सूची में अपने नाम से मिलता-जुलता एक अभ्यर्थी मिलने पर उसने उसी के रोल नंबर का इस्तेमाल करते हुए फर्जी कॉल लेटर तैयार किया और प्रशिक्षण केंद्र पहुंच गया। हालांकि, पुलिस उसके इस बयान की सत्यता की जांच कर रही है। धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें