थिमैटिक लाइटें व सजावट ही नहीं शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे साउंड सिस्टम से निकलने वालीं मधुर धुनाें को सुनकर भी एहसास हो जाएगा कि आपका महाकुंभ नगर में प्रवेश हो गया है। इतना ही नहीं श्रद्धालु व पर्यटक शहर में भ्रमण के दौरान संगम नगरी की खासियतों और महाकुंभ के महात्म के बारे में भी जान सकेंगे। स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के 206 स्थानों पर साउंड सिस्टम लगाए गए हैं। इनके माध्यम से कोई भी संदेश लाखों शहरियों को एक साथ पहुंचाया जा सकता है। अब इनका उपयोग लोगों को महाकुंभ का आमंत्रण देने के साथ प्रयागराज की खूबियां बताने के लिए किया जा रहा है।
महाकुंभ के आमंत्रण वाली आधा दर्जन से ज्यादा ऑडियो क्लिप तैयार की गई हैं। इनमें संगम के अलावा भरद्वाज आश्रम, द्वादश वेणीमाधव, शृंग्वेरपुर, अक्षयवट, बड़े हनुमानजी आदि का वर्णन समेत अन्य खासियतें शामिल हैं। संगीतबद्ध ये ऑडियो क्लिप लोगों को काफी भा भी रही हैं। स्मार्ट सिटी के प्रभारी संजय रथ का कहना है कि महाकुंभ को ध्यान में रखकर कई ऑडियो क्लिप तैयार की गई हैं। आने वाले दिनों में इनकी संख्या और बढ़ेगी।