संगम पर लगे वाटर एटीएम होंगे ठीक, बढ़ेंगी सुविधाएं
संगम और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। खराब वाटर एटीएम ठीक किए जाएंगे। सफाई के साथ नल की टोंटियां, लीकेज आदि भी ठीक कराए जाएंगे। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने संबंधित विभाग के अफसरों को बुलाकर सभी तरह की खामियों को दूर करने की हिदायत दी है। संगम में गदंगी, अव्यवस्था को लेकर अमर उजाला के मंगलवार के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। इसे संज्ञान में लेते हुए मंडलायुक्त ने बुधवार को संगम और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्हें गदंगी के साथ दोनों वाटर एटीएम खराब मिले। नल की टोंटियों से पानी बह रहा था। पाइपलाइन में लीकेज था और शौचालय भी गंदा मिला।
मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अफसरों को सुधार के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने बताया कि दोनों वाटर एटीएम ठीक कराए जाएंगे। जरूरत के अनुसार इनकी संख्या भी बढ़ाई जाएगी। जलापूर्ति व्यवस्था की खामियों को दूर किया जाएगा। घाट और शौचालय की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी। मोबाइल टॉयलेट की संख्या बढ़ाई जाएगी। मंडलायुक्त ने बताया कि कई चेंजिंग रूम खराब हो गए हैं। उन्हें भी ठीक कराया जाएगा। लोग इनमें गंदगी न करें। इसके लिए जागरूकता वाले बोर्ड लगाए जाएंगे। मंडलायुक्त ने बताया कि वाहनों की पार्किंग, यातायात व्यवस्था आदि के इंतजाम के लिए भी अपर मेलाधिकारी दयानंद को निर्देश दिए गए हैं।
मेला प्राधिकरण में होगी स्थायी नियुक्ति
मेला प्राधिकरण में जल्द ही अफसरों की स्थायी नियुक्ति की जाएगी। मंडलायुक्त की ओर से इसके लिए प्रमुख सचिव नियुक्ति को पत्र लिखा जाएगा। संगम पर हर साल माघ मेला और छह वर्ष पर कुंभ और 12 वर्ष पर महाकुंभ का आयोजन होता है। इस दौरान अस्थायी शहर बसाया जाता है। इसे देखते हुए कुंभ 2019 से पहले प्रयागराज मेला प्राधिकरण का गठन किया गया था। इसका क्षेत्र भी नोटिफाइड किया गया था। निर्णय लिया गया था कि प्राधिकरण पूरे वर्ष काम करेगा और नियमित तौर पर क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाएंगे, लेकिन कुुंभ, महाकुंभ को छोड़कर अन्य दिनों में प्रभारी के तौर पर ही अफसरों की नियुक्ति की गई। जो अफसर रहे वे कुंभ और महाकुंभ के कार्य ही देखते रहे।
इसके विपरीत संगम पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सुविधाओं की भी मांग होने लगी है। इसे देखते हुए प्राधिकरण में अफसरों की स्थायी नियुक्ति की पहल की गई है। प्रमुख सचिव नियुक्ति एम देवराज योग दिवस आयोजन के लिए प्रयागराज के नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। वह योग दिवस में शामिल होने के लिए शुक्रवार को पहुंच गए हैं। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने बताया कि प्रमुख सचिव से मिलकर भी प्राधिकरण में स्थायी नियुक्ति की मांग रखी जाएगी।
उप मुख्यमंत्री संग संगम नोज पर कल होगा योग
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ संगम नोज पर शुक्रवार को योग दिवस का मुख्य आयोजन होगा। इसमें करीब आठ हजार लोग शामिल होंगे। जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री के अलावा नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं राज्यकर एम.देवराज समेत अनेक अतिथि शामिल होंगे। डीएम ने सर्किट हाउस में तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य, लोक निर्माण, शिक्षा, नगर निगम, यातायात, पराग डेयरी आदि विभागों के अफसरों की जिम्मेदारी तय की। उन्होंने मंच, मैट बिछाने, लोगों को लाने-ले जाने, मार्ग सूचक, पार्किंग, एंबुलेंस तथा चिकित्सीय टीम की मौजूदगी, पेयजल, एलईडी आदि व्यवस्थाओं की समीक्षा कर निर्देश दिए।
डीएम ने सभी को सफेद ड्रेस कोड में उपस्थित रहने के लिए कहा। उन्होंने तहसील, ब्लॉक, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों पर होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं सभी बीडीओ को इनके फोटोग्राफ्स पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। वहीं, पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान न्यास की ओर से भी शनिवार सुबह 5 से 6:30 बजे तक रसूलाबाद स्थित चंद्रशेखर आजाद घाट पर योग शिविर लगेगा। बृहस्पतिवार को हुई बैठक में इसकी तैयारी की भी समीक्षा की गई।