जय श्री राम का उद्घोष कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के सैकड़ों कार्यकर्ता शनिवार को अयोध्या रवाना हुए। हाथ में भगवा ध्वज और ‘एक ही नारा, एक ही नाम, जय श्री राम जय श्री राम’ बोलते ये कार्यकर्ता सरयू एक्सप्रेस से इलाहाबाद जंक्शन और प्रयाग से रवाना हुए। संघ और विहिप कार्यकर्ताओं की भीड़ की वजह से दोनों ही स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में फोर्स भी तैनात रही। हालांकि काफी संख्या में कार्यकर्ता सड़क मार्ग से भी रवाना हुए। इसके लिए संघ और विहिप की ओर से बसों के साथ ही चार पहिया वाहनों की भी व्यवस्था की गई। संघ नेताओं की माने तो तमाम स्वयंसेवक रविवार की सुबह भी अयोध्या के लिए कूच करेंगे।
अयोध्या में राममंदिर निर्माण को लेकर विश्व हिंदू परिषद की ओर से आयोजित धर्मसभा में प्रयागराज से विहिप के दस हजार एवं संघ से जुड़े 20 हजार स्वयंसेवकों के वहां जाने का दावा किया जा रहा है। विहिप महानगर के 17 प्रखंड की बात करें तो कुल 28 बस के अलावा सौ के आसपास चार पहिया वाहनों से कार्यकर्ता शनिवार को अयोध्या के लिए रवाना हुए। विभाग सहसंगठन मंत्री अमित पाठक के नेतृत्व में शिवम द्विवेदी, आशुतोष श्रीवास्तव, बालेंदु आदि शनिवार की शाम सैकड़ों विहिप कार्यकर्ताओं के साथ सरयू एक्सप्रेस से अयोध्या के लिए रवाना हुए। शनिवार को सरयू एक्सप्रेस जंक्शन से 45 मिनट की देरी से भी छूटी। प्रयाग स्टेशन पर उसके सभी दस कोच विहिप और संघ के स्वयंसेवकों से भर गए। इसके पूर्व सुबह मनवार संगम एक्सप्रेस और फैजाबाद पैसेंजर से भी काफी संख्या में विहिप और संघ के लोग अयोध्या रवाना हुए। विहिप के प्रांत संगठन मंत्री मुकेश भी प्रयागराज के बाद सुल्तानपुर से कार्यकर्ताओं की फौज लेकर अयोध्या के लिए रवाना हुए। विहिप के मीडिया प्रभारी अश्विनी मिश्रा के मुताबिक प्रयागराज के 41 प्रखंडों से 84 बसें अयोध्या भेजी गई। इसमें जमुना पार के प्रखंडों से 14 बसें, गंगा पार से 28, प्रयागराज महानगर से 42 बसें रही। साथ ही 700 निजी वाहनों से भी रामभक्त रवाना हुए। इसके अलावा विभिन्न संस्थान, सामाजिक, धार्मिक ,राजनीतिक संगठन के लोग 25 नवंबर को सुबह धर्म सभा में पहुंचने के लिए रविवार की सुबह अपने संसाधनों से रवाना होंगे।
प्रयागराज। विश्व हिंदू परिषद की धर्मसभा में शामिल होने के लिए प्रयागराज से संघ की ओर से 20 हजार स्वयंसेवक भेजने का दावा किया गया है। संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख डा. एमजे त्रिपाठी के मुताबिक प्रयाग विभाग से 27 नगरों से 35 बसें तथा पर्याप्त संख्या में चार पहिया वाहन एवं ट्रेनों से स्वयंसेवकों ने अयोध्या के लिए कूच किया। विभाग प्रचारक कृष्णचंद्र ने बताया कि रविवार की सुबह भी काफी संख्या में स्वयंसेवक अयोध्या रवाना होंगे।