yagya in veni madhava mandir for killing corona virus
- फोटो : CITY DESK
भगवान वेणी माधव मंदिर में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस से मुक्ति के लिए यज्ञ शुरू हो गया। इस दौरान कोरोना वायरस के नाश के लिए आहुतियां दी गईं। यह अनुष्ठान प्रयागराज सेवा समिति की ओर से किया गया। मंदिर के महंत श्री ओमकार देव गिरि महाराज की अगुवाई में दिन के 10:30 बजे यज्ञ आरंभ हुआ। इसमें मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं, आम नागरिकों व आसपास के व्यापारियों ने हिस्सा लिया। भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक व प्रयागराज सेवा समिति के सचिव तीर्थराज पांडेय ने आहुति डालने के बाद बताया कि प्रयागराज के नगर देवता भगवान वेणी माधव मंदिर से कोरना वायरस के नाश के आह्वान से बड़ा संदेश दिया गया है।
आहुति के माध्यम से संपूर्ण वातावरण को शुद्ध करने का प्रयास किया जा रहा है। आहुति में अनेक तरह की औषधीय लकड़ियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन लोग दिन के 11 बजे से शाम पांच बजे तक पांच से 11 आहुति हवन कुंड में डालकर अपने व अपने परिवार के कल्याण की कामना कर सकते हैं। इस मौके पर भरद्वाज महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष अनुपमा पांडेय,डॉ विभूति तिवारी, राजेंद्र तिवारी दुकान जी, ज्योतिषाचार्य भक्तराज पांडेय, पुजारी सर्वदा तिवारी, दिनेश, सोमनाथ विश्वकर्मा, सुशांत शुक्ला समेत तमाम लोग उपस्थित थे।