मीरगंज। जम्मू-कश्मीर से काम कर अपने घरों को लौट रहे मजदूरों की बस नेशनल हाईवे पर सोमवार अल सुबह धान से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली से टकरा गई। पीछे से एक ट्रक बस से भिड़ गया। इससे बस में करीब आठ-10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा।
भट्ठे पर मजदूरी करके कुछ मजदूर जम्मू कश्मीर से अपने घरों को लौट रहे थे। सोमवार अल सुबह करीब साढ़े तीन बजे बस मीरगंज अनुविस पुलिस चौकी के पास बीच सड़क पर खड़ी धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली से भिड़ गई। इसी बीच पीछे से आ रहा ट्रक बस से टकरा गया। इससे बस में चीख-पुकार मच गया। इस दौरान बरेली-दिल्ली रोड पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया और जाम में फंसे वाहनोें को निकाला।
पुलिस की सूचना पर सोमवार दस बजे तक घायलों के परिजन पहुंच गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया तो कुछ को साथ ले गए। अनीश ने तीनों वाहनों के अज्ञात चालकोें के खिलाफ मीरगंज थाने में रिपोर्ट लिखाई है। वाहनों को कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक मीरगंज हरेंद्र सिंह ने बताया सड़क से वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु करा दी गई है।
ये हुए घायल
मुकीमुद्दीन निवासी बिजवा थाना भीरा लखीमपुर खीरी, मोहम्मद शाहरुख केसरपुर थाना सेहरामऊ पीलीभीत, सोनम सदिया लाडपुर बीसलपुर पीलीभीत, रिजवान व राशिद खान कुकरा थाना मैलानी लखीमपुर खीरी, मोहम्मद अनीस पसगंवा लखीमपुर खीरी, शकील गौहनियां आलम पसगंवा लखीमपुर खीरी आदि।