करेली के जीटीबी नगर के सी-ब्लॉक में एक डॉक्टर के ड्राइवर ने मंगलवार सुबह कार से दो महिलाओं को रौंद दिया। हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरी को मामूली चोटें आई हैं। घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार ने पहले तीन कार, एक स्कूटी व बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद एक घर का गेट तोड़ते हुए सड़क पर पलट गई।करेली पुलिस ने अतरसुइया निवासी चालक शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में उसने बहाना बनाया कि वह पहली बार ऑटोमेटिक कार चला रहा था।करेली के नयापुरवा की रहने वाली विमला देवी घरेलू सहायक थीं। रोजाना की तरह वह जीटीबी नगर के सी-ब्लॉक निवासी अनुराग श्रीवास्तव के घर काम करने जा रही थीं। तभी कॉल्विन अस्पताल के डॉ. जुबैर की गाड़ी चला रहे चालक ने विमला और एक अन्य महिला को रौंद दिया। चालक ने पहले घर के सामने खड़ी एक वैगन आर कार में टक्कर मारी फिर बाइक, स्कूटी और पास में खड़ी एक अन्य कार से टकरा गई।
इसके बाद सड़क पार कर रहीं दो महिलाओं को चपेट में ले लिया और फिर अनुराग के घर का गेट तोड़ते हुए एक और कार को टक्कर मारकर सड़क पर पलट गई।हादसे के बाद मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। घायल बुजुर्ग महिला अपने घर चली गईं लेकिन विमला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनके सिर में गंभीर चोट आई थी।