निधि शुक्ला, लोको पायलट।
- फोटो : अमर उजाला।
महिला रेलकर्मियों को शाइन का सुरक्षा कवच, अब ऑनलाइन दर्ज होंगी शिकायतें
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर महिला कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए सेक्सुअल हैरेसमेंट इंसिडेंट नोटिफिकेशन फॉर इंपावरमेंट (शाइन) मॉड्यूल आठ मार्च को लॉन्च हाेगा। इसके माध्यम से महिला कर्मी कार्यस्थल पर होने वाले यौन उत्पीड़न की शिकायतें सीधे एचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगी। बोर्ड के पत्र के अनुसार, इस नए सिस्टम का मुख्य उद्देश्य शिकायतों को पूरी तरह गोपनीय रखना और उन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इस मॉडयूल के तहत यदि पीड़ित स्वयं शिकायत दर्ज करने की स्थिति में नहीं है, तो नामित अधिकृत अधिकारी उसकी ओर से मामला दर्ज कर सकेंगे।
रेलवे परिसर में आने वाली बाहरी महिला आगंतुक और संविदाकर्मी भी जरूरत पड़ने पर इस सिस्टम का लाभ उठा सकेंगी। एनसीआर के प्रयागराज, आगरा और झांसी मंडलों में इस मॉड्यूल को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि शाइन मॉड्यूल के माध्यम से महिला कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण मिलेगा। यह सिस्टम शिकायतों के त्वरित निस्तारण में मील का पत्थर साबित होगा।