प्रयागराज। राजूपाल हत्याकांड के गवाह कृष्ण कुमार उर्फ उमेश पाल से सरेआम गालीगलौच करते हुए धमकाया गया। यही नहीं विरोध पर उसके सरकारी गनर व भतीजे से मारपीट की गई। शिकायत पर पुलिस ने मामले में चार लोगों को नामजद करते हुए कुल छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
उमेश पुत्र भूल्लर प्रसाद पाल जयन्तीपुर, सुलेमसराय का रहने वाला है। उसका कहना है कि 30 दिसंबर को वह सिविल लाइंस मेें आयोजित कम्बल वितरण कार्यक्रम में शामिल होेने गया था। रात 12.30 बजे के करीब वह भतीजे रोहित व सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों अजय कुमार मिश्रा व प्रदीप कुमार के साथ घर लौट रहा था। शेरवानी मोड़ के पास डिवाइडर से टकराए ट्रक को देखकर रुककर उसने यह जानने की कोशिश की कि घटना में कोई घायल तो नहीं हुआ। आरोप है कि इतने में हर्ष यादव, सोनू उर्फ मनीष यादव, निवासीगढ़ हरवारा, सलमान, उनका चालक राजू व उसका भाई और एक अज्ञात ने गालीगलौज करते हुए रोहित व अजय मिश्रा को पीटना शुरू कर दिया। विरोध पर उमेश समेत सभी को गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
सुरक्षार्मियों के खुद को पुलिसकर्मी बताने के बाद भी हमलावर नहीं रुके। यह नहीं मारपीट में सुरक्षाकर्मी अजय की सोने कि जंजीर भी गिर गई। धूमनगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी। फिलहाल एक पक्ष की तहरीर पर चार लोगाें को नामजद करते हुए मारपीट, गालीगलौज व धमकाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।