जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने के बावजूद पुरस्कार की राशि न मिलने पर छात्रा ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। मामले में कोर्ट ने संबंधित अधिकारी से निर्देश (इंस्ट्रक्शन) तलब किए हैं।
जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने के बावजूद पुरस्कार की राशि न मिलने पर छात्रा ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। मामले में कोर्ट ने संबंधित अधिकारी से निर्देश (इंस्ट्रक्शन) तलब किए हैं। यह आदेश न्यायमूर्ति सरल श्रीवास्तव और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने प्रयागराज की दीक्षा मिश्रा की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया।
विज्ञापन
याचिका में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से सेवा पखवाड़ा-2025 कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से दो अक्तूबर 2025 तक विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इसी क्रम में 29 सितंबर 2025 को प्रयागराज में जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था।
याची के अधिवक्ता ने दलील दी कि दीक्षा मिश्रा ने वरिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसके लिए 51 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था। प्रतियोगिता जीतने के बाद भी अब तक याची को पुरस्कार की राशि का भुगतान नहीं किया गया है। कोर्ट ने अपर मुख्य स्थायी अधिवक्ता को निर्देश दिया कि वह मामले में संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर अगली तारीख पर प्रस्तुत करें। मामले की अगली सुनवाई 23 अप्रैल को होगी।