इलाहाबाद हाईकोर्ट ने महाकुंभ में गड़बड़ाई यातायात व्यवस्था और पुलिस की ओर से अधिवक्ताओं संग किए गए दुर्व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जताई है। कोर्ट ने प्रयागराज के मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी, मेलाधिकारी और उपायुक्त यातायात से 14 फरवरी तक जवाबी हलफनामा तलब किया है। इसमें पूछा गया है कि यातायात के नाम पर महाकुंभ में बेवजह बैरिकेडिंग क्यों की गई है। इससे अधिवक्ता ही नहीं, आम लोग व श्रद्धालुओं को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पांच फरवरी को प्रयागराज में कर्नलगंज थाना अंतर्गत हिन्दू हॉस्टल चौराहे के समीप सीएम योगी की फ्लीट गुजरने के दाैरान बैरिकेडिंग पर अधिवक्ता से मारपीट का मामला सामने आया था। पुलिसकर्मियों की ओर से की गई मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसका संज्ञान लेकर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने मुख्य न्यायधीश से शिकायत की थी। साथ ही पत्र याचिका दाखिल की थी। इसे आपराधिक जनहित याचिका के रूप में दर्ज करने की मंजूरी मिलने के बाद बृहस्पतिवार की दोपहर मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति महेश चन्द्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार की खंडपीठ ने की।