जिला प्रशासन की फटकार के बाद मुट्ठीगंज, गाजीगंज आदि थोक मंडियों में दुकानदारों ने दाल, आटा आदि का रेट बोर्ड लगा दिया है। इसके अलावा दुकानदारों ने फुटकर विक्रेताओं को रसीद देनी भी शुरू कर दी है। हालांकि, थोक मंडी नखास कोना में अब भी प्रशासन द्वारा तय किए गए रेट से ज्यादा भाव पर दाल की बिक्री की जा रही है। इस वजह से शहर पश्चिम के तमाम इलाकों में अरहर दाल के फुटकर दाम में कमी नहीं हो पा रही है। लॉकडाउन पार्ट वन के दौरान ही जिला प्रशासन और स्थानीय व्यापारिक संगठनों की बैठक में पिछले माह ही दाल, चावल, आटा आदि का थोक एवं फुटकर रेट निर्धारित किया गया था। शुरुआत में प्रशासन द्वारा जारी की गई सूची के हिसाब से ही बाजार में दाल एवं अन्य राशन से जुड़ी सामग्री लोगों को मुहैया हो रही थी। लेकिन, इस बीच मुट्ठीगंज के कुछ कारोबारियों ने अरहर समेत तमाम दाल के रेट बढ़ा दिए। थोक में रेट बढ़ने का असर फुटकर मार्केट में भी पड़ा। यह हाल तब है, जब शहर में दाल एवं अन्य राशन की कोई कमी नहीं। अमर उजाला ने यह मामला उठाया तो जिला प्रशासन ने थोक कारोबारियों को चेतावनी दी कि तो वह प्रशासन द्वारा निर्धारित रेट पर ही सामान की बिक्री करें, नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। इस बीच कारोबारियों ने प्रशासन की सख्ती के बाद प्रशासन द्वारा निर्धारित रेट पर ही दाल बेचना शुरू कर दी। इलाहाबाद गल्ला तिलहन व्यापार मंडल ने भी व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें दुकानों पर रेट लिस्ट लगाने का सुझाव दिया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश केसरवानी ने मुट्ठीगंज एवं गाजीगंज मंडी की कुछ दुकानों पर शनिवार को रेट लिस्ट चस्पा करवा दी। बताया कि मुट्ठीगंज में लाकडाउन के अंतर्गत फुटकर दुकानदारों व उपभोक्ताओं को उचित रेट पर दाल उपलब्ध कराई जा रही है। यहां राजेंद्र जायसवाल, राजेश केसरवानी, रोहित जायसवाल, पीके ट्रेडर्स, गौरव केसरवानी समेत कई दुकानदारों ने रेट लिस्ट अपनी दुकान पर लगा दी है।
वहीं दूसरी ओर नखास कोना और खलीफा मंडी में थोक व्यापारी अब भी अरहर समेत अन्य दालों के ज्यादा दाम वसूल रहे हैं। फुटकर कारोबारी प्रमिल केसरवानी ने बताया कि नखास कोना और खलीफा मंडी में मुट्ठीगंज के मुकाबले थोक में दाल का दाम ज्यादा है, इस वजह से आसपास के फुटकर व्यापारियों को मजदूरी में अरहर दाल 90 रुपये किलो या उससे ज्यादा दाम में बेचनी पड़ रही है।
मुट्ठीगंज में दाल का थोक रेट
अरहर दाल 82 से 85
चना दाल 56
मटर दाल 56
चना 51 से 52
मसूर दाल 60
(नोट: दाल का दाम प्रति किलो रुपये में)