आईएससी (इंटरमीडिएट) परीक्षा 2016 में 98 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में टॉप करके आदर्श ने अपनी मां के सपने को साकार कर दिया। उसने गणित में जहां पूरे अंक हासिल किए वहीं उसे रसायन विज्ञान में 99 अंक, विज्ञान में 98 अंक, हिन्दी में 98 अंक जबकि अंग्रेजी में 95 अंक मिले।
नैनी के सेंट जॉन्स एकेडमी के छात्र आदर्श को मां किरण ने जो परवरिश दी है, वह सब के लिए प्रेरणादायक है। नैनी एडीए कॉलोनी की किरण का तकरीबन बीस वर्ष पहले ही पति से नाता टूट गया था। अकेले ही रहते हुए किरण ने बेटी प्रज्ञा सिंह व बेटे आदर्श को काफी दिक्कतों को सहते हुए खूब पढ़ाया। सरकारी स्कूल में शिक्षिका किरण कहती हैं, बच्चे ही मेरी ताकत हैं।
आदर्श ने जिले में टॉप करके मेरी मेहनत को मायने दे दिए। बिना किसी कोचिंग के जिले में टॉप करने वाले आदर्श कहते हैं, मैंने मां की दिक्कतों को देखा हैं। अब मेरा मकसद एक अच्छा कॅरियर बनाकर अपनी मां को खुश रखना है। बता दें, आदर्श ने जेईई मेंस में भी सफलता हासिल की है।